अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव : ‘भविष्य निर्माण: सिक्किम में फिल्मों का सशक्तिकरण’ विषय पर पैनल चर्चा आयोजित

गंगटोक : राज्य के सूचना व जनसंपर्क विभाग द्वारा केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्रालय और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के सहयोग से यहां आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026 के दूसरे दिन आज स्थानीय चिंतन भवन में एक पैनल चर्चा हुई।

‘भविष्य निर्माण: सिक्किम में फिल्मों का सशक्तिकरण’ विषय पर आयोजित इस पहली पैनल चर्चा में फिल्म बोर्ड के अध्यक्ष ताशी छिरिंग भूटिया, आईपीआर सचिव अन्नपूर्णा आले, फिल्म निर्माता एवं ‘बटरफ्लाई फिल्म’ की संस्थापक जेनिश पहाड़ी, सिक्किम के फिल्म निर्माता प्रशांत रसाइली, ‘मेगा एंटरटेनमेंट’ के संस्थापक अभिजीत सिंघा, सिक्किम की फिल्म निर्माता त्रिवेणी राई और टीवेट पेशेवर शिखर सक्सेना पैनलिस्ट के रूप में शामिल थे। इसमें मॉडरेटर एनआर ग्रुप के सीईओ व संस्थापक नितेश रोहित शामिल हुए।

इस दौरान, सिनेमा को एक कला के रूप में मानते हुए फिल्म उद्योग के सामने आने वाली मानव संसाधन संबंधी बाधाओं पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने सिनेमा के बुनियादी ज्ञान की आवश्यकता, फिल्म निर्माण में टीम वर्क के महत्व पर भी जोर दिया और पूर्वोत्तर के उभरते कलाकारों द्वारा इस क्षेत्र में दिए जा रहे बढ़ते योगदान की सराहना की।

चर्चा में, पैनलिस्टों ने क्षेत्रीय सिनेमा के महत्व, स्वतंत्र फिल्म निर्माण में बढ़ते अवसरों और ऐसी सार्थक कंटेंट बनाने की आवश्यकता पर विचार-विमर्श किया जो विविध दर्शकों के साथ जुड़ाव महसूस करा सके। उन्होंने फिल्म निर्माताओं, कलाकारों और रचनात्मक पेशेवरों को अपना काम प्रदर्शित करने और विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए एक मंच प्रदान करने में फिल्म महोत्सवों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

इसके अलावा, पैनलिस्टों ने फिल्म उद्योग में मौजूद चुनौतियों और अवसरों पर भी बात की, जिसमें दर्शकों की बदलती पसंद, डिजिटल प्लेटफॉर्म, उभरती प्रौद्योगिकियां और कहानी कहने में मौलिकता को बनाए रखने का महत्व शामिल है। इस सत्र में उभरते फिल्म निर्माताओं, छात्रों, कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों ने भाग लिया।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics