पाकिम : पाकिम के डीसी रोहन अगवाने ने डीएसी, पाकिम में एनएचआईडीसीएल की सीएसआर पहल के अंतर्गत पाकिम पीएचसी के लिए एक बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस प्राप्त की।
एनएचआईडीसीएल के कार्यकारी निदेशक अशोक कुमार साहा द्वारा डीसी को एंबुलेंस प्रदान किया गया। इसके पश्चात डीसी ने एंबुलेंस को पाक्योंग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपा। इस पहल का उद्देश्य जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना और चिकित्सा पहुंच का विस्तार करना है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए एनएचआईडीसीएल की सीएसआर पहलों के तहत उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में अपने परियोजना क्षेत्रों के आसपास सतत विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। इनमें स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गई है। प्रमुख गतिविधियों में एंबुलेंस उपलब्ध कराकर स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता सुविधाओं में सुधार, बाल पोषण को प्रोत्साहन तथा रिकग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग (आरपीएल) योजना के माध्यम से कौशल विकास शामिल हैं।
इस अवसर पर डीसी रोहन अगवाने ने एनएचआईडीसीएल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की उपलब्धता पाक्योंग जिले की एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य आवश्यकता को पूरा करती है। उन्होंने कहा कि यह एंबुलेंस विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों के निवासियों के लिए आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाएगी।
पाकिम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मदनमणि ढकाल ने भी जिला प्रशासन और एनएचआईडीसीएल का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस एंबुलेंस से पाक्योंग पीएचसी की सेवा क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा वितरण और अधिक प्रभावी बनेगा।कार्यक्रम में डीपीओ पाक्योंग टीआर छेत्री सहित पाक्योंग पीएचसी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
#anugamini #sikkim
No Comments: