सिक्किम बैडमिंटन एसोसिएशन की आमसभा आयोजित

गंगटोक : सिक्किम बैडमिंटन एसोसिएशन की 35वीं वार्षिक आमसभा रविवार को गंगटोक के देवराली स्थित एक होटल में आयोजित की गयी। इसमें एसोसिएशन के पदाधिकारियों, आजीवन सदस्यों, संबद्ध जिला एसोसिएशनों के सदस्यों एवं अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।

एसोसिएशन के उपाध्यक्ष महेंद्र छेत्री के स्वागत भाषण से शुरू हुई बैठक में अध्यक्ष जैकब खालिंग ने वर्ष 2025-2026 के दौरान राज्य में बैडमिंटन की उल्लेखनीय प्रगति और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर पूरे सिक्किम में बैडमिंटन के प्रचार और विकास की दिशा में किए गए निरंतर प्रयासों की सराहना की।

बैठक के दौरान, एसोसिएशन के महासचिव सुकांत दास ने बीते वित्त वर्ष की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि कोषाध्यक्ष कर्मा भूटिया ने उसी अवधि की वार्षिक वित्तीय रिपोर्ट सदन के समक्ष प्रस्तुत की। इसके बाद दोनों रिपोर्टों को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। साथ ही, बैडमिंटन के बुनियादी ढांचे के भविष्य के विकास, खिलाडि़यों के कल्याण, जमीनी स्तर के कार्यक्रमों, टूर्नामेंट प्रबंधन और संबद्ध जिला इकाइयों को मजबूत करने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण एजेंडों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

वहीं, बैठक में मुख्य रूप से आगामी नवंबर महीने में राज्य में होने वाली जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी के संबंध में चर्चा की गई। एसोसिएशन ने इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन की शानदार सफलता बनाने के लिए सामूहिक रूप से काम करने का संकल्प लिया। इसके साथ, सभा में बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सह असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और महासचिव संजय मिश्रा के प्रति भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने पहली बार राज्य में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए सिक्किम को नामित किया।

इस दौरान, संबद्धता मामलों, पंजीकरण नवीनीकरण, प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने और राज्य तथा राष्ट्रीय रैंकिंग टूर्नामेंटों में भागीदारी बढ़ाने पर भी रचनात्मक चर्चाएं हुईं। एसोसिएशन ने सिक्किम के मुख्यमंत्री सह एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक के प्रति उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन और अटूट समर्थन के लिए भी आभार व्यक्त किया। बैठक ने खेल व युवा मामले मंत्री राजू बस्‍नेत और पूरे विभाग को भी पूरे वर्ष निरंतर सहयोग देने के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics