सोरेंग में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को मिली रफ्तार

सोरेंग : सोरेंग जिले में चल रहे मतदाता सूची के एसआईआर-2026 के तहत घर-घर जाकर किए जा रहे गणना एवं सत्यापन अभियान के 11वें दिन बीएलओ ने 2,030 अतिरिक्त गणना प्रपत्र वितरित किया। इसके साथ ही जिले में वितरित प्रपत्रों की कुल संख्या बढ़कर 55,464 हो गई है, जो जिले के कुल मतदाताओं के 89.06 प्रतिशत को कवर करती है।

जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अभियान की प्रगति संतोषजनक रही है। रिंचेनपोंग विधानसभा क्षेत्र में 15,225 प्रपत्र वितरित कर 92.45 प्रतिशत मतदाताओं को कवर किया गया है। दरामदिन विधानसभा क्षेत्र में 15,636 प्रपत्रों के वितरण के साथ 93.72 प्रतिशत कवरेज दर्ज की गई है। सोरेंग-च्याखुंग विधानसभा क्षेत्र में 14,617 प्रपत्र वितरित किए गए हैं, जिससे 85.54 प्रतिशत मतदाता अभियान के दायरे में आए हैं। वहीं सालघारी-जुम विधानसभा क्षेत्र में 9,986 प्रपत्रों का वितरण कर 82.95 प्रतिशत मतदाताओं तक पहुंच बनाई गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे घर-घर पहुंच रहे बूथ स्तरीय अधिकारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि मतदाता सूची को सही, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि घर-घर सत्यापन एवं प्रमाणीकरण अभियान 28 जून 2026 तक जारी रहेगा। इस दौरान बीएलओ प्रत्येक घर में जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे तथा मतदाताओं के नाम, आयु, पता, फोटो, ईपीआईसी नंबर एवं पारिवारिक विवरण सहित अन्य जानकारियों का सत्यापन करेंगे। मतदाताओं से अनुरोध किया गया है कि वे अपने विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रपत्र जमा करें, ताकि उनके मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना, मृत, स्थानांतरित अथवा दोहरे नाम वाले मतदाताओं के नाम हटाना, मतदाता विवरण में मौजूद त्रुटियों को सुधारना तथा मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना है। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से आग्रह किया है कि वे घर-घर पहुंचने वाले बूथ स्तरीय अधिकारियों के साथ सहयोग करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र जमा करें।

अभियान में विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जनभागीदारी को और अधिक मजबूती मिल रही है। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा सहायता के लिए मतदाता अपने संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारी, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मतदाता वोटर हेल्पलाइन ऐप का उपयोग कर सकते हैं अथवा हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics