मंगन : उत्तर सिक्किम के बी-2 पुल की भार वहन क्षमता और यातायात सुरक्षा को लेकर बुधवार को क्षेत्रीय विधायक थेंले शेरिंग भूटिया की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में तकनीकी मूल्यांकन रिपोर्ट की समीक्षा के बाद निर्णय लिया गया कि 407 श्रेणी के वे वाहन, जिन पर अधिकतम 8 टन तक भार होगा, उन्हें पुल से आवागमन की अनुमति दी जाएगी।
बैठक में मंगन और गंगटोक जिलों के पुलिस अधीक्षक, प्रशासनिक अधिकारी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभाग के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, ट्रक ड्राइवर संघ के सदस्य तथा स्थानीय लोग उपस्थित थे।
अधिकारियों ने बताया कि पुल का अंतिम तकनीकी निरीक्षण वर्ष 2022 में किया गया था, जिसके आधार पर इसकी अधिकतम भार क्षमता 8 टन निर्धारित की गई थी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पुल के माध्यम से मंगन जिले में प्रवेश करने वाले ओवरलोड वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। साथ ही ट्रक ड्राइवर संघ और अन्य हितधारकों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे तथा पुल की भार सीमा संबंधी जानकारी विभिन्न माध्यमों से लोगों तक पहुंचाई जाएगी। प्रशासन और पुलिस विभाग ने सभी परिवहन संचालकों एवं वाहन चालकों से निर्धारित भार सीमा का पालन करने की अपील की है।
No Comments: