गंगटोक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पूर्वोत्तर राज्यों में छह अत्याधुनिक इनडोर क्रिकेट अकादमियों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इनमें सिक्किम की एक अकादमी भी शामिल है जिससे इस क्षेत्र में क्रिकेट को जबरदस्त बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सिक्किम की दो दिवसीय यात्रा पर कल पहुंचे प्रधानमंत्री ने गंगटोक में एक राजकीय समारोह में इन सुविधाओं का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राजधानी से लगभग 40 किलोमीटर दूर रंगपो के पास माइनिंग स्थित सिक्किम क्रिकेट ग्राउंड पर लगी एक विशाल स्क्रीन पर किया गया। इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के शीर्ष अधिकारी और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) चेयरमैन जय शाह भी उपस्थित थे।
सिक्किम क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास के अलावा उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, सचिव देवजीत सैकिया, संयुक्त सचिव प्रभतेज भाटिया, कोषाध्यक्ष ए. रघुराम भट, आईपीएल चेयरमैन अरुण सिंह धूमल, आईपीएल गवर्निंग काउंसिल सदस्य मामोम मजूमदार और अंतरिम सीईओ हेमांग अमीन सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि रंगपो स्थित यह सुविधा उन छह अकादमियों में से एक है, जिन्हें पूर्वोत्तर राज्यों-अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम और नागालैंड-में एक साथ शुरू किया गया है। ये सुविधाएं पूर्वोत्तर राज्यों में क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की बीसीसीआई की प्रतिबद्धता का हिस्सा हैं।
बताया गया है कि बीसीसीआई द्वारा वित्तपोषित यह इनडोर क्रिकेट सुविधा सिक्किम क्रिकेट ग्राउंड परिसर के भीतर बनाई गई है। इसमें क्रिकेट अभ्यास के लिए चार पिचें, एक स्विमिंग पूल, एक अत्याधुनिक जिम, प्रशासनिक कार्यों के लिए एक कार्यालय क्षेत्र, पुरुष व महिला क्रिकेटरों के लिए अलग-अलग लॉकर रूम और अन्य सहायक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनडोर प्रशिक्षण सुविधाओं के अभाव में, इस क्षेत्र के उभरते हुए क्रिकेटरों को मानसून के दौरान प्रशिक्षण के लिए कोलकाता और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों की यात्रा करनी पड़ती थी।
बीसीसीआई के तत्कालीन सचिव जय शाह ने मई 2024 में शिलांग से इन अकादमियों का शिलान्यास किया था। सिक्किम क्रिकेट एसोसिएशन (एससीए) ने राज्य में, और विशेष रूप से पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए बीसीसीआई के प्रति आभार जताया है।
एसोसिएशन के अनुसार, सिक्किम में क्रिकेट के लिए यह एक बड़ा कदम है, जिससे हमारे खिलाडि़यों को काफी फायदा होगा-खासकर मॉनसून के मौसम में, जब बाहर प्रशिक्षण करना मुश्किल होता है। इस इनडोर ट्रेनिंग सुविधा से हमारे क्रिकेटरों को विश्व-स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी और वे पूरे साल ट्रेनिंग कर सकेंगे। ऐसे में, उम्मीद है कि यह सुविधा सिक्किम के उभरते क्रिकेटरों के लिए ट्रेनिंग के माहौल को काफी बेहतर बनाएगी, जिससे वे राज्य से बाहर जाए बिना ही अपने कौशल को निखार सकेंगे।
No Comments: