दस दिवसीय ‘सरल मानक संस्कृत शिविर’ शुरू

गंगटोक : कंचनजंघा राज्य विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को तादोंग स्थित नरबहादुर भंडारी गवर्नमेंट कॉलेज में दस दिवसीय ‘सरल मानक संस्कृत शिविर’ का भव्य शुभारंभ हुआ।

विद्यार्थियों के साथ-साथ संस्कृत भाषा सीखने के इच्छुक आम लोगों को ध्यान में रखकर आयोजित यह शिविर 21 से 30 सितंबर तक चलेगा। शिविर का उद्देश्य संस्कृत भाषा के अध्ययन, व्यवहारिक प्रयोग और इसके प्रति लोगों की रुचि बढ़ाना है।

शिविर के उद्घाटन समारोह में अखिल सिक्किम खस छेत्री-बाहुन कल्याण संघ के अध्यक्ष तथा सिक्किम सरकार के ग्रामीण विकास अध्यक्ष नारायण खतिवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता कंचनजंघा राज्य विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ सुधन प्रधान ने की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि नारायण खतिवड़ा ने कहा कि संस्कृत भाषा भारतीय ज्ञान, संस्कृति, परंपरा और सभ्यता का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने संस्कृत के साथ अन्य भारतीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल दस दिनों तक सीमित न रहकर भविष्य में भी निरंतर और व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाने चाहिए।

कंचनजंघा राज्य विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ सुधन प्रधान ने संस्कृत भाषा के विकास और विस्तार के लिए दस दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करने पर संस्कृत विभाग की सराहना की। उन्होंने संस्कृत के अध्ययन और प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए संस्कृत भाषा में पॉडकास्ट, संगीत, समाचार और पत्र-पत्रिकाओं के प्रकाशन पर जोर दिया।

वहीं, सिक्किम विश्वविद्यालय के जीव विज्ञान विभाग के प्रोफेसर भोजकुमार आचार्य ने संस्कृत को विश्व की प्राचीन भाषाओं में से एक बताते हुए इसके व्यापक अध्ययन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संस्कृत बोलने वालों की संख्या अभी काफी कम है। इसलिए विद्यार्थियों को शिविर का अधिकतम लाभ उठाकर संस्कृत का व्यवहारिक जीवन में प्रयोग करना चाहिए। उनके साथ, शिविर संयोजक एवं संस्कृत विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ युवराज घिमिरे ने दस दिवसीय शिविर के उद्देश्य और कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। संस्कृत विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ लीलाधर भट्टराई ने स्वागत भाषण दिया।

इससे पहले, कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर अकादमी प्रभारी डॉ बीएल खामदाक, नरबहादुर भंडारी गवर्नमेंट कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ टेकबहादुर छेत्री, सेडा कॉलेज के प्राचार्य, कंचनजंघा राज्य विश्वविद्यालय के भाषा संकाय के विभागाध्यक्ष एवं उपस्थित थे। समारोह में विभिन्न साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics