स्वच्छ और हरित भविष्य के लिए सौर ऊर्जा जरूरी : परी बिश्नोई

सौर ऊर्जा को लेकर बढ़ी जागरूकता
  • सरकारी भवनों में भी लगेंगे सोलर पैनल

पाकिम : जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को रूर्बन कॉम्प्लेक्स, पाकिम में प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीसी परी बिश्नोई ने की। इस अवसर पर एसएसपी पारू रुचाल भी उपस्थित रहीं।

सिक्किम रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (एसआरईडीए) द्वारा विद्युत विभाग के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को केंद्र प्रायोजित प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने की प्रक्रिया और उसके लाभों के बारे में जागरूक करना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीसी परी बिश्नोई ने योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ और हरित भविष्य के लिए अक्षय ऊर्जा संसाधनों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विभिन्न ग्राम पंचायत इकाइयों (जीपीयू) के प्रतिनिधियों से सामूहिक रूप से कार्य कर सामुदायिक विकास को आगे बढ़ाने और अपने-अपने क्षेत्रों में सौर ऊर्जा अवसंरचना के उचित रखरखाव को सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

उन्होंने लिंगताम-फदामचेन जीपीयू को योजना के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली जीपीयू के रूप में सम्मानित होने पर बधाई देते हुए कहा कि उपलब्ध संसाधनों का उपयोग दीर्घकालिक सामुदायिक विकास के लिए किया जाना चाहिए। डीसी ने कहा कि सूर्य संकल्प पहल के तहत सरकारी कार्यालय परिसरों में भी सोलर पैनल स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि सतत ऊर्जा उपयोग को बढ़ावा मिल सके।

एसआरईडीए, विद्युत विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता रूपलाल सुब्बा ने प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने योजना की विशेषताएं, पात्रता मानदंड, एमएनआरई मानकों के अनुसार ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम की लागत, हाइब्रिड एवं ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम के लाभ-हानि तथा उपभोक्ता पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी फ्लो चार्ट के माध्यम से विस्तार से दी। उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत आरईएससीओ मॉडल के तहत सरकारी भवनों के सोलराइजेशन की जानकारी भी साझा की तथा दूरदराज क्षेत्रों में बिजली पहुंच मजबूत करने के उद्देश्य से लोगों से योजना की जानकारी अधिक से अधिक फैलाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान पाकिम जिले के लिंगताम-फदामछेन जीपीयू को प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत मॉडल सोलर विलेज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसआरईडीए के अधिकारियों द्वारा योजना पर आधारित एक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से लोगों को सौर ऊर्जा और योजना के लाभों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, पाकिम के एसडीएम एनके भंडारी, रंगली के एसडीएम एसके प्रधान, पाकिम के डीपीओ टीआर छेत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics