सड़क-पुलों के पुनर्निर्माण को रफ्तार, 546 करोड़ मंजूर
गंगटोक : सिक्किम के मंत्री एन.बी. दहाल ने राज्य में चल रही सड़क, पुल और राजमार्ग परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रमुख कनेक्टिविटी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद सिलीगुड़ी से गंगटोक की यात्रा का समय मौजूदा करीब चार घंटे से घटकर लगभग 90 मिनट रह सकता है। उन्होंने विपक्ष की ओर से राज्य की सड़कों की स्थिति को लेकर की जा रही आलोचना के बीच कहा कि सरकार सड़क, ड्रेनेज सिस्टम, पुल और हाईवे से जुड़ी विकास परियोजनाओं पर लगातार काम कर रही है।
दहाल ने आदमपुल-झाकरी फॉल्स सड़क और ड्रेनेज सिस्टम के उन्नयन की योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। परियोजना में गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया जा रहा है और इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल और झाकरी फॉल्स के आसपास स्थायी आरसीसी पुल का निर्माण भी किया गया है।
मंत्री दहाल के अनुसार, मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई 572 किलोमीटर सड़कों के पुनर्निर्माण को मंजूरी दी गई है। इन सड़कों का निर्माण मैस्टिक अस्फाल्ट तकनीक से किया जाएगा और इसके लिए 546 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित सड़कों की अनुमानित आयु सात वर्ष होगी और इस अवधि में रखरखाव की जिम्मेदारी भी संबंधित ठेकेदार की होगी। दहाल ने पुलों के पुनर्निर्माण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (जीएलओएफ) की घटनाओं के कारण करीब 10 से 12 पुल बह गए थे। सिरवानी पुल का निर्माण दो वर्ष के भीतर पूरा होने की उम्मीद है। वहीं नयाबाजार-सिंगला पुल को एशियन डेवलपमेंट बैंक परियोजना के तहत लिया जा रहा है।
एनएच-10 को लेकर मंत्री दहाल ने स्पष्ट किया कि यह राजमार्ग सिक्किम सरकार के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता, बल्कि पश्चिम बंगाल सरकार और एनएचआईडीसीएल के अधीन है। उन्होंने राज्य में प्रस्तावित प्रमुख कनेक्टिविटी परियोजना के रूप में मल्ली-सिंगताम एनएच-210 खंड का उल्लेख किया। दहाल ने कहा कि मल्ली-सिंगताम खंड के पूरा होने और सेवक-मल्ली फोर-लेन परियोजना के साथ जुड़ने के बाद सिलीगुड़ी से गंगटोक की यात्रा करीब डेढ़ घंटे में पूरी हो सकेगी, जबकि वर्तमान में इस दूरी को तय करने में लगभग चार घंटे लगते हैं।
मल्ली-सिंगताम एनएच-210 खंड को जून 2025 में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की अधिसूचना के माध्यम से औपचारिक रूप से एनएचआईडीसीएल के अधीन लाया गया था। अधिसूचित मार्ग मल्ली तीस्ता पुल के पास से शुरू होकर मल्ली बाजार, मामरिंग और समरडोंग से गुजरते हुए सिंगताम के पास समाप्त होता है। एनएचआईडीसीएल ने 2026 में इस खंड के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने और निर्माण-पूर्व गतिविधियों से संबंधित परामर्श सेवाओं के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। परियोजना को पहाड़ी और पर्वतीय राजमार्ग परियोजना के रूप में वर्गीकृत किया गया है। इसकी संभावित लागत एक हजार करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है, जिसमें जीएसटी और भूमि लागत शामिल नहीं है।
प्रस्तावित राजमार्ग और इससे जुड़ी परियोजनाओं से सिलीगुड़ी और गंगटोक के बीच संपर्क व्यवस्था मजबूत होने के साथ सिक्किम के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों तक पहुंच में भी सुधार की उम्मीद है।
No Comments: