सिक्किम का हरित मॉडल देश के लिए मिसाल : शोभा करंदलाजे

सिक्किम की 'मेरो रुख, मेरो संतति' योजना बनी राष्ट्रीय प्रेरणा

गंगटोक : केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने आज अपने सिक्किम दौरे के दौरान बुलबुले स्थित स्मृति बन में राष्ट्रव्यापी ‘एक पेड़ मां के नाम’ पर्यावरण अभियान में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश दिया।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर राज्य वन एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों ने केंद्रीय राज्य मंत्री का स्वागत किया। अभियान के तहत शोभा करंदलाजे ने पौधारोपण किया। यह पहल नागरिकों को अपनी मां के सम्मान में पेड़ लगाने और प्रकृति संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित करती है।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने सिक्किम सरकार के वन एवं पर्यावरण विभाग की सराहना करते हुए कहा कि विभाग द्वारा समुदाय की भागीदारी से चलाए जा रहे वनीकरण कार्यक्रम प्रेरणादायक हैं। उन्होंने विशेष रूप से ‘मेरो रुख, मेरो संतति’ योजना की प्रशंसा की, जिसके तहत प्रत्येक नवजात शिशु के नाम पर 108 पेड़ लगाए जाते हैं और बच्चे के भविष्य के लिए वित्तीय जमा भी किया जाता है।

शोभा करंदलाजे ने इस योजना को दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि यह बच्चों के विकास को पेड़ों के विकास से जोड़ती है। इससे बचपन से ही पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना विकसित होती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में योजना शुरू होने के बाद से अब तक करीब 10 हजार बच्चों का पंजीकरण किया जा चुका है और राज्यभर में 10 लाख से अधिक पेड़ लगाए गए हैं। उन्होंने इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए सिक्किम सरकार और वन एवं पर्यावरण विभाग को बधाई दी तथा उम्मीद जताई कि यह पहल देश के अन्य राज्यों के लिए भी एक मॉडल बनेगी।

इसके साथ ही, केंद्रीय राज्य मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के तहत शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से अपनी मां के सम्मान में पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर नागरिक का छोटा प्रयास आने वाली पीढय़िों के लिए हरित और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कार्यक्रम में बोजोघारी निवासी तेनजिन नामसे भूटिया और उनकी माता सोनम ल्हामू भूटिया ने भी ‘मेरो रुख, मेरो संतति’ योजना के तहत भाग लिया। इस अवसर पर बच्चे को योजना से संबंधित पासबुक औपचारिक रूप से सौंपी गई। कार्यक्रम में सीएफ (टी) सोनम चोडेन भूटिया, गंगटोक डीएफओ क्षितिज सक्सेना, आरओ आशीष गुरूंग एवं बिनोद छेत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डी.आर. थापा सहित कई अन्य उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics