गंगटोक : सिक्किम सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जीटी ढुंगेल ने नई दिल्ली में आयोजित दूसरे राष्ट्रीय मोटापा शिखर सम्मेलन 2026 को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पूरे भारत में मोटापे के चिंताजनक रूप से बढ़ते मामलों पर प्रकाश डाला।
अपने भाषण में मंत्री ढुंगेल ने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस-5) के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि भारत में 24 प्रतिशत महिलाएं और 23 प्रतिशत पुरुष मोटापे से ग्रस्त हैं। सिक्किम में स्थिति और भी अधिक चिंताजनक है, जहां 36.3 प्रतिशत महिलाएं और 34.8 प्रतिशत पुरुष इस समस्या से प्रभावित हैं। यह आंकड़ा राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है।
इसके साथ ही, मंत्री ने इस बढ़ती हुई स्वास्थ्य चुनौती से निपटने के लिए सिक्किम सरकार द्वारा की जा रही सक्रिय पहलों की जानकारी दी। इनमें ‘ईट राइट इंडिया’ अभियान को बढ़ावा देना शामिल है, जो सुरक्षित, स्वस्थ और संतुलित आहार अपनाने के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने ‘गैर-संक्रामक रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम’ के तहत पूरे राज्य में जांच, परामर्श और एनसीडी क्लीनिकों की स्थापना के प्रयासों को और अधिक मजबूत किये जाने की भी जानकारी दी।
मंत्री ने स्कूली स्वास्थ्य शिक्षा के महत्व पर भी जोर दिया और बताया कि छात्रों के बीच स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए 850 से अधिक शिक्षकों को स्वास्थ्य और कल्याण दूत के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने ‘जल्दी कदम उठाएं: सिक्किम में मोटापे की देखभाल को प्राथमिकता’ विषय पर हाल ही में आयोजित राज्य-स्तरीय गोलमेज चर्चा पर भी प्रकाश डाला। यह चर्चा ‘पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया’ और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित की गई थी।
इसके अलावा, ढुंगेल ने इस बात पर जोर दिया कि यद्यपि मोटापे के बढ़ते आंकड़े एक गंभीर चेतावनी हैं, लेकिन वे सामूहिक कार्रवाई के लिए एक अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों के लिए एक स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने तथा जीवन की गुणवत्ता और लंबी उम्र के लिए एकजुट प्रयासों का आह्वान किया।
#anugamini
No Comments: