नामची : राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर सिक्किम के नामची स्थित भाइचुंग स्टेडियम में शनिवार को विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। खेल एवं युवा मामले विभाग ने माई भारत केंद्र, नामची, एसएआई एसटीसी नामची और स्मॉल खेलो इंडिया सेंटर (केआईसी) नामची के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में नामची नगर निगम की उपाध्यक्ष सरस्वती शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर नगर निगम के पार्षद मनोज थापा, लकी तमांग, अनु छेत्री और ममता कालिकोटे भी मौजूद रहीं। नामची के एसडीएम (मुख्यालय) निम पिंछो भूटिया, खेल एवं युवा मामले विभाग के पूर्व निदेशक कमल सिंह छेत्री, पूर्व उपनिदेशक आनंद प्रकाश सुब्बा, माई भारत केंद्र के लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक बीएस मलिक तथा विभिन्न खेल संघों के अध्यक्ष और एसएआई एसटीसी नामची के प्रतिनिधि विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
स्वागत भाषण में खेल एवं युवा मामले विभाग की अतिरिक्त निदेशक छिरिंग ओंगमू भूटिया ने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के लिए आभार जताया। उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए एकता, अनुशासन, खेल भावना और सक्रिय भागीदारी को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने ‘खेलेंगे हम, जीतेंगे हम’ का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान बालक-बालिकाओं के लिए सीएम वन-माइल रन, अंडर-14 फुटबॉल, बालिकाओं की 50 मीटर दौड़ तथा बालक-बालिकाओं की तीरंदाजी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नामची के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। शिक्षकों और अतिथियों ने भी मनोरंजक बॉल-पासिंग गतिविधि में भाग लिया।
आयोजन की शुरुआत विद्यार्थियों के लिए जुंबा और योग सत्र से हुई। इसके जरिए प्रतिभागियों को शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर खेल एवं युवा मामले विभाग ने पूर्व निदेशक कमल सिंह छेत्री और पूर्व उपनिदेशक आनंद प्रकाश सुब्बा को उनकी समर्पित एवं सराहनीय सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा मामले विभाग के उपनिदेशक बसंत प्रधान सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, प्रशिक्षक, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और फिटनेस को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
No Comments: