गंगटोक : सिक्किम सरकार के श्रम विभाग के मंत्री भीम हांग लिम्बू की अध्यक्षता में श्रम भवन, सोकेथांग में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित सिक्किम दौरे और आगामी श्रम दिवस समारोह को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत श्रम सचिव द्वारा मंत्री और सिक्किम लेबर वेलफेयर बोर्ड के अध्यक्ष का खदा पहनाकर स्वागत करने के साथ हुई।
बैठक में दो प्रमुख मुद्दों-प्रधानमंत्री के सिक्किम दौरे और 1 मई को मनाए जाने वाले श्रम दिवस-पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। मंत्री ने राज्य के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समापन समारोह में प्रधानमंत्री के दौरे को सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
मंत्री ने विभागों को निर्देश दिया कि वे गंभीरता से कार्य करें और विभिन्न औद्योगिक तथा फार्मास्युटिकल कंपनियों के साथ समन्वय कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने श्रम दिवस को राज्य के श्रमिकों के सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए इसे भव्य रूप से मनाने पर जोर दिया।
सिक्किम लेबर वेलफेयर बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम राज गुरुंग ने भी श्रम दिवस के आयोजन को लेकर अपने सुझाव साझा किए। बैठक में उपस्थित अन्य सदस्यों ने भी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अपने विचार रखे। मंत्री ने विभाग को यह भी निर्देश दिया कि संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का डेटा व्यवस्थित रूप से संकलित किया जाए, ताकि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष श्रम दिवस का आयोजन नामची जिले के जोरथांग में किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान विभाग की जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने पर जोर दिया गया। बैठक में श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।
No Comments: