गंगटोक : सिक्किम में सीबीएसई कक्षा 10 के परिणामों में इस बार बड़ा सुधार देखने को मिला है। वर्ष 2026 में पास प्रतिशत बढ़कर 84.24 प्रतिशत पहुंच गया, जिसे राज्य सरकार मुख्यमंत्री मेंटरशिप कार्यक्रम का असर मान रही है।
शिक्षा मंत्री राजू बस्नेत ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 2023 में जहां पास प्रतिशत 54.55 प्रतिशत था, वहीं 2024 में यह 61.47 प्रतिशत हुआ। इसके बाद मेंटरशिप कार्यक्रम लागू होने पर 2025 में 76.58 प्रतिशत और अब 2026 में 84.24 प्रतिशत तक पहुंच गया। यह कार्यक्रम 5 सितंबर 2024 को मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने शुरू किया था।
जिलों की बात करें तो मंगन ने 92.86 प्रतिशत के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि पाकिम (90.71 प्रतिशत) और गंगटोक (88.42 प्रतिशत) भी आगे रहे। नामची, गेजिंग और सोरेंग जिलों का प्रदर्शन भी 75 प्रतिशत से ऊपर रहा।
मंत्री ने बताया कि इस बार छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा है और 60 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। राज्य के 2,011 स्कूलों में से 46 स्कूलों का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि 42 स्कूलों ने 90 प्रतिशत से अधिक रिजल्ट दिया।
इस बीच कक्षा 9 की एनसीईआरटी किताबों की कमी को लेकर उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम में संशोधन के कारण किताबों की छपाई में देरी हुई है, लेकिन पढ़ाई प्रभावित नहीं हुई है। अधिकतर विषयों की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध है और मई तक सभी किताबें मिल जाएंगी।
स्कूलों के मर्जर को लेकर मंत्री ने बताया कि कम नामांकन के चलते पहले 52 स्कूलों को मर्ज किया गया था, जिनमें से 22 को बाद में दोबारा खोल दिया गया। अभी 30 स्कूल मर्ज स्थिति में हैं और 17 अन्य स्कूलों पर भी विचार किया जा रहा है।
शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सरकार कई संस्थाओं के साथ मिलकर काम कर रही है। गणित विषय में सिर्फ 65 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं, जिसे सुधारने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को एकस्टेप फाउंडेशन के साथ एक समझौता भी किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
No Comments: