उद्यान विभाग के सचिव ने किया गेजिंग का दौरा, योजनाओं की समीक्षा की

गेजिंग : गेजिंग जिले में उद्यान विभाग का दो दिवसीय कार्यक्रम बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। कार्यक्रम के दौरान उद्यान विभाग के सचिव टीटी भूटिया ने जिले का दौरा कर विभाग की विभिन्न प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण एवं समीक्षा की। इस दौरान विभाग के सभी जिला स्तरीय अधिकारी उनके साथ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के पहले दिन उद्यान विभाग के सचिव टीटी भूटिया ने गेजिंग जिले के मार्तम ब्लॉक का दौरा कर राष्ट्रीय बांस मिशन योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस योजना के अंतर्गत 34 बांस शिल्पकारों को सब्सिडी सहायता के साथ हस्तशिल्प परियोजनाएं आवंटित की गई हैं। दौरे के दौरान सचिव ने परियोजना स्थल का निरीक्षण किया तथा लाभार्थियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की।

उन्होंने लाभार्थियों को अपनी परियोजनाओं को निरंतर जारी रखने, आजीविका को सुदृढ़ बनाने तथा आर्थिक उन्नति प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में सिस्को बैंक की प्रबंधक पाल्मू भूटिया ने योजना का लाभ उठाने वाले किसानों की संख्या तथा वितरित की गई सब्सिडी का विवरण प्रस्तुत किया। सचिव ने लाभार्थियों द्वारा की गई प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए घोषणा की कि योजना के अंतर्गत तैयार किए गए स्थानीय बांस उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए शीघ्र ही गंगटोक में प्रदर्शनी सह बिक्री स्टॉल का आयोजन किया जाएगा। दूसरे दिन गेजिंग में उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के लिए समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उद्यान विभाग के सचिव टीटी भूटिया ने की।

बैठक में अतिरिक्त निदेशक सह एनबीएम के मिशन निदेशक रॉबिन गुरुंग, अतिरिक्त निदेशक सह जिला प्रमुख कर्मा शेरपा, संयुक्त निदेशक (गेजिंग) भानु कुमार छेत्री, केवीके के वरिष्ठ वैज्ञानिक सह प्रमुख भिसोन प्रधान, उपनिदेशक (गेजिंग) पेंजोमला भूटिया, उपनिदेशक (युकसम) रिनजिंग डब्ल्यू भूटिया, एचडीओ (देंताम) वर्षा सुनार, उद्यान निरीक्षक (गेजिंग) फुर्बा टी भूटिया तथा गेजिंग जिले के क्षेत्रीय सहायक उपस्थित थे।

बैठक की शुरुआत संयुक्त निदेशक, गेजिंग के परिचयात्मक संबोधन से हुई, जिसके बाद उपनिदेशक, गेजिंग ने स्वागत भाषण दिया। इसके पश्चात गेजिंग के अतिरिक्त निदेशक ने जिले की संक्षिप्त प्रोफाइल प्रस्तुत करते हुए वर्तमान में संचालित कार्यक्रमों की स्थिति, पीएमडीडीकेवाई, कृषि मैपर तथा एमआईडीएच सुरक्षा योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ क्षेत्रीय स्तर की आवश्यकताओं एवं मांगों की जानकारी दी।

बैठक को संबोधित करते हुए सचिव टीटी भूटिया ने क्षेत्रीय कर्मचारियों से मुलाकात पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्हें विभाग की बहुमूल्य संपत्ति बताया। उन्होंने प्रत्येक उपखंड में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष स्थापित करने की योजना की घोषणा की, ताकि क्षेत्रीय कर्मचारियों के साथ सीधे संवाद की व्यवस्था विकसित की जा सके। उन्होंने केवीके तथा विभाग द्वारा क्षेत्रीय कर्मचारियों के तकनीकी ज्ञान को सुदृढ़ करने के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया।

बैठक के दौरान सचिव ने अपनी परिकल्पित वेजिटेबल बास्केट पहल की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि यह अवधारणा सिक्किम में संचालित दुग्ध संग्रह केंद्रों के मॉडल से प्रेरित है। इसके तहत राज्य के दूरस्थ गांवों में उत्पादित अतिरिक्त सब्जियों को संग्रह केंद्रों पर एकत्रित किया जाएगा, जिसमें किसान उत्पादक संगठन की केंद्रीय भूमिका होगी। संग्रहित सब्जियों को क्रेट में रखा जाएगा, जिसके बाद उनकी छंटाई, ग्रेडिंग और वजन किया जाएगा। इसके उपरांत उन्हें मानकीकृत बांस की टोकरी में पैक किया जाएगा। प्रत्येक टोकरी में कम-से-कम पांच प्रकार की सब्जियां होंगी, जिनका कुल वजन पांच किलोग्राम से अधिक नहीं होगा तथा इसकी कीमत 400 रुपये निर्धारित की गई है। प्रत्येक टोकरी पर एफपीओ का नाम, सब्जियों की सूची, वजन, पैकिंग की तिथि, संपर्क नंबर, अधिकतम खुदरा मूल्य तथा क्यूआर कोड अंकित रहेगा।

सचिव ने कहा कि यह पहल गांवों के भीतर नकदी प्रवाह बनाए रखने में सहायक होगी। साथ ही ब्रांडिंग के माध्यम से उत्पादों को वर्तमान बाजार की मांग के अनुरूप पहचान मिलेगी और यह प्रभावी विपणन माध्यम के रूप में कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि योजना के आगामी चरणों में कोल्ड स्टोरेज सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सिक्किम के जैविक उत्पादों का वास्तविक मूल्य तभी प्राप्त होगा, जब उनका लाभ सीधे किसानों की आय में परिवर्तित होगा। यह पहल राज्य के ऑर्गेनिक बाजार को और मजबूत करेगी तथा सिक्किम की विशिष्ट पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगी। बैठक का समापन उपनिदेशक, योक्‍सम द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics