कारगिल विजय दिवस पर राज्यपाल ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

गंगटोक : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने आज बरदांग स्थित ‘सिक्किम प्रेरणा स्थल’ पर कारगिल युद्ध के वीर नायकों और देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले भारतीय सेना के शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान राज्यपाल सहित ब्लैक कैट डिविजन के जीओसी मेजर जनरल आशीष नेगी एवं उपस्थित भारतीय सेना के जवानों, उच्च अधिकारियों के साथ देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए भारतीय सैनिकों द्वारा दिखाए गए साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए कुछ पल का मौन रखा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत, राज्यपाल ने प्रेरणा स्थल परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की प्रगति की समीक्षा की और इस स्मारक की गरिमा के अनुरूप सभी निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने पर जोर दिया। इसके अलावा, राज्यपाल ने वहां उपस्थित भारतीय सेना के जवानों की हौसला अफजाई की और मिठाई वितरण की।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics