रात में दौड़ेगा गंगटोक, पहली नाइट मैराथन आज

गंगटोक : सिक्किम में पहली बार नाइट मैराथन का आयोजन 19 सितम्बर को गंगटोक में किया जाएगा। 18 सितम्बर 2011 को आए विनाशकारी भूकंप की बरसी के अवसर पर आयोजित इस मैराथन का उद्देश्य आपदा प्रबंधन के प्रति जागरुकता और तैयारियों को बढ़ावा देना है। आयोजन जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), गंगटोक और सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए) के संयुक्त तत्वावधान में होगा।

आयोजन को लेकर आज जिला प्रशासनिक केंद्र (डीएसी), गंगटोक में संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिला कलेक्टर रोहन अगवाने, आईएएस ने बताया कि मैराथन को शाम 6 बजे रिज पार्क से रवाना किया जाएगा। प्रतिभागी रिज पार्क से सचिवालय, डुकिट पान दुकान, जीरो प्वाइंट, वज्रा, ब्लैक कैट इंस्टीट्यूट और स्वास्तिक द्वार होते हुए हैप्पीनेस शॉप तक जाएंगे और फिर इसी मार्ग से वापस रिज पार्क लौटेंगे।

अधिकारियों ने प्रतिभागियों की सुरक्षा को लेकर कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। धावकों से हेडलैंप चालू रखने, बिब नंबर और रिफ्लेक्टर स्पष्ट रूप से दिखाई देने तथा पुलिस और स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। दौड़ के दौरान रील बनाने से बचने, मोबाइल फोन साथ रखने और किसी भी परेशानी या आपात स्थिति की तत्काल सूचना ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को देने को कहा गया है।

मैराथन मार्ग पर हाइड्रेशन प्वाइंट बनाए जाएंगे। साथ ही एंबुलेंस, डॉक्टर और फिजियोथेरेपिस्ट सहित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। पूरे मार्ग पर अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था भी की गई है। मैराथन के दौरान शाम 6 बजे से 7:30 बजे तक निर्धारित मार्ग पर अस्थायी रूप से आंशिक यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। सीमित पार्किंग को देखते हुए प्रतिभागियों से रिज पार्क क्षेत्र में चारपहिया वाहन नहीं लाने की अपील की गई है। जिला प्रशासन ने आयोजन को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रतिभागियों तथा आम जनता से सहयोग की अपील की है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics