गंगटोक : खेल एवं युवा कार्य विभाग के अंतर्गत सिक्किम राज्य राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ तथा केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय पूर्वोत्तर एनएसएस महोत्सव का सोमवार को एससी भवन, गंगटोक में भव्य समापन हुआ।
समापन समारोह में राज्य खेल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रिनजिंग डब्ल्यू छोपेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कार्य विभाग के ओएसडी गोविंद पौड्याल विशिष्ट अतिथि, विभाग के निदेशक डॉ आरबी बिस्वकर्मा, द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित संध्या गुरुंग, विभाग एवं एनएसएस प्रकोष्ठ के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में सिक्किम विश्वविद्यालय के प्रोफेसर भोक आचार्य ने जैव विविधता एवं अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने प्रभावी कचरा प्रबंधन, अपशिष्ट में कमी, वैज्ञानिक निस्तारण और जन-जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही पूर्वोत्तर क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता के संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
दूसरे सत्र में गंगटोक अपराध शाखा के डीआईजी तेंजिंग लोडेन लेप्चा ने साइबर अपराध विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराधियों की कार्यप्रणाली, उनकी रणनीतियों तथा भारत में बढ़ते साइबर अपराधों की स्थिति से प्रतिभागियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अधिकांश साइबर ठगी सोशल इंजीनियरिंग के माध्यम से की जाती है। उन्होंने साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी।
एनएसएस प्रकोष्ठ की उपनिदेशक पेडेनला भूटिया ने पांच दिवसीय महोत्सव की विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए प्रत्येक दिन आयोजित गतिविधियों और प्रमुख आयोजनों की जानकारी दी। इसके बाद पूर्वोत्तर राज्यों के प्रतिभागियों ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और विरासत को दर्शाते हुए आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
क्विज प्रतियोगिता में नागालैंड ने प्रथम, अरुणाचल प्रदेश ने द्वितीय तथा मिजोरम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पावरप्वाइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता में मेघालय प्रथम, सिक्किम द्वितीय और नागालैंड तृतीय स्थान पर रहा। सांस्कृतिक आदान-प्रदान प्रतियोगिता में अरुणाचल प्रदेश ने पहला, मिजोरम ने दूसरा तथा त्रिपुरा ने तीसरा स्थान हासिल किया। महोत्सव के दौरान उत्कृष्ट समग्र प्रदर्शन के लिए त्रिपुरा को बेस्ट कंटिंजेंट का पुरस्कार प्रदान किया गया। अंत में मुख्य अतिथि ने औपचारिक रूप से पूर्वोत्तर एनएसएस महोत्सव-2026 के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम का समापन एनएसएस प्रकोष्ठ की सहायक निदेशक बबीता छेत्री द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
No Comments: