सिक्किम की संस्कृति, स्वाद और शिल्प का उत्सव शुरू

मंत्री भूटिया ने किया 'सिक्किम उत्सव-2026' का उद्घाटन

गंगटोक : सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) की रैम्प योजना के तहत वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘सिक्किम उत्सव-2026’ का गंगटोक अध्याय शुक्रवार को एमजी मार्ग में शुरू हो गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पर्यटन, नागरिक उड्डयन तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के मंत्री टीटी भूटिया ने किया।

‘एक्सपीरियंस एंड सेलिब्रेट सिक्किम’ थीम पर आधारित इस उत्सव का उद्देश्य राज्य की समृद्ध कला, संस्कृति, उद्यमिता, खाद्य एवं पेय क्षेत्र, संगीत, हस्तशिल्प और जैविक उत्पादों को बढ़ावा देना है। आयोजन स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और सांस्कृतिक कलाकारों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ पर्यटकों को सिक्किम की विविध परंपराओं और विरासत से रूबरू कराने का अवसर देगा।

इस वर्ष उत्सव में 160 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें हथकरघा उत्पाद, स्थानीय व्यंजन, हस्तशिल्प, कला सामग्री तथा अन्य स्वदेशी उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की जा रही है। यह सिक्किम उत्सव का पांचवां संस्करण है। इससे पहले इसके आयोजन नई दिल्ली, बेंगलुरु और सिलीगुड़ी जैसे शहरों में किए जा चुके हैं।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत पारंपरिक सिंही छम नृत्य से हुई। इसके अलावा राज्य की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में सिक्किम आइडल सीजन-2 की विजेता ओजाश्री गुरुंग ने भी अपनी प्रस्तुति दी। उत्सव का उद्घाटन करने के बाद मंत्री टीटी भूटिया ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय उद्यमियों से बातचीत की।

कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की सचिव कर्मा डी युत्सो, एमएसएमई निदेशक एम. रविकुमार, डीएचएच निदेशक छिरिंग तोप्गे भूटिया, विभाग के ओएसडी दीपेन सुब्बा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, उद्यमी और अन्य हितधारक उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics