कार्यकर्ताओं के सहयोग से मजबूत होगा भाजपा संगठन : डीआर थापा

भाजपा में शामिल हुए कई प्रमुख चेहरे, संगठन विस्तार पर जोर

गंगटोक : भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सिक्किम प्रदेश इकाई की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आज सिंगताम स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुई। पूर्व सांसद डॉ विनोद सोनकर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डीआर थापा, वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी तथा राज्य के विभिन्न जिलों और मंडलों से आए कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पार्टी के प्रचार विभाग के अनुसार, बैठक में आगामी संगठनात्मक योजना और सिक्किम में पार्टी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर मुख्य रूप से चर्चा की गई। जमीनी स्तर पर पार्टी की पहुंच बढ़ाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और राज्यभर में संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विचार-विमर्श किया गया।

इस दौरान पूर्व युवा नेता लातेन शेरपा ने अपने समर्थकों के साथ पार्टी में “घर वापसी” की। प्रदेश अध्यक्ष डीआर थापा और वरिष्ठ नेताओं ने उनका पार्टी में स्वागत किया। इसके साथ, विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों से कई प्रमुख लोगों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनमें गंगटोक से एसडीएफ उपाध्यक्ष छेवांग नामग्याल भूटिया, सोरेंग से पूर्व पंचायत सदस्य बिनोद गुरूंग, ग्नाथांग-माचोंग से दीपान शर्मा, मल्ली से सूरज तमांग, विष्णु शर्मा, राजेश राई और विशाल प्रधान, सिंगताम-खामदोंग से किशोर गुरूंग, दीपक प्रसाद, रुपेन सुब्बा और जीवन राई तथा पश्चिम पांडाम क्षेत्र से अभिषेक सिंह शामिल रहे। नए सदस्यों का पार्टी नेतृत्व ने गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, कार्यक्रमों और नीतियों से अवगत कराया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डीआर थापा ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से नए सदस्यों को संगठन में उचित मार्गदर्शन देने और उन्हें सक्रिय रूप से जोडऩे की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित भाव से संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेना होगा। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से विकसित और आत्मनिर्भर सिक्किम के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इससे पहले प्रदेश महामंत्री अर्जुन राई ने अपने स्वागत भाषण में पार्टी की वर्तमान व आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक घटनाक्रमों की जानकारी दी। वहीं, डॉ सोनकर ने भी सिक्किम में संगठन को और मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। चेतन सापकोटा ने वर्तमान राजनीति में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और उसकी भूमिका पर अपने विचार रखे।

बैठक में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सिक्किमी जनता की सेवा करने और राज्यभर में संगठन को मजबूत बनाने की सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics