नामची : नशा मुक्त भारत अभियान के तहत “नशे को ना, जिंदगी को हां” विषय पर राबांग्ला एसडीएम कार्यालय द्वारा आज रावांगला बाजार में महकमा स्तरीय जागरुकता अभियान आयोजित किया गया। ड्राइवरों एसोसिएशनों, रावांगला बाजार विकास समिति, व्यापारिक समुदाय, पुलिस विभाग, पुनर्वास केंद्रों और स्थानीय गणमान्य लोगों के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के नामची जिला एपीएस बिष्णु शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान, एडीसी (विकास) डीपी दहाल, राबांग्ला एसडीएम सरन कुमार कालिकोटे, बीडीओ बीबी तमांग, रावांगला थाने के एसआई सुनील राई, बुद्ध पार्क ओएसडी शेतेन भूटिया, फूड इंस्पेक्टर चुंग चुंग भूटिया, एसडीएम कार्यालय के उप सचिव बीबी राई, आरबीडीसी अध्यक्ष सोनम पिंछो शेंगा, व्यापारिक संगठन अध्यक्ष ग्यालछेन गेनसापा, विभिन्न ड्राइवर एसोसिएशनों अध्यक्ष और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि बिष्णु शर्मा ने सभी से नशे के बढ़ते खतरे के प्रति सतर्क रहने, नशा बेचने वालों की जानकारी समय पर पुलिस को देने के लिए प्रोत्साहित करने और पुलिस, स्थानीय समुदायों तथा पुनर्वास केंद्रों के सामूहिक प्रयासों से नशे के आदी लोगों को उससे उबरने में सहायता प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने आगे मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के उस दृष्टिकोण पर भी प्रकाश डाला, जिसका उद्देश्य एक “नशामुक्त और स्वस्थ सिक्किम” के साथ-साथ एक “सुनहरे, समृद्ध और समर्थ सिक्किम” का निर्माण करना है।
इससे पहले, कार्यक्रम की शुरुआत में, रावांगला एसडीएम सरन कुमार कालिकोटे ने “नशा मुक्त भारत अभियान” के लक्ष्यों और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए एक नशामुक्त समाज के समर्थन में उपस्थित लोगों को सामूहिक शपथ दिलाई।
वहीं, इस अवसर पर संसाधन व्यक्ति के रूप में उपस्थित संजीवनी पुनर्वास सोसायटी के परियोजना समन्वयक अग्रिम प्रधान ने नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के हानिकारक प्रभावों, नशे की लत से उबरने के तरीकों, समाज से इस बुराई को खत्म करने के उपायों और प्रभावित व्यक्तियों को समाज में फिर से जोड़ने में पुनर्वास केंद्रों द्वारा निभाई जाने वाली भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। उनके साथ, एसआई सुनील राई ने नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित कानूनी प्रावधानों और दंडों पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को सिक्किम में एसएडीए कानून और राष्ट्रीय स्तर पर एनडीपीएस कानून के बारे में भी जानकारी दी।
इसके अलावा, एडीसी (विकास) डीपी दहाल ने भी नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के बुरे प्रभावों पर बात की और रोकथाम के महत्व पर जोर देते हुए युवाओं को खेलों और सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
No Comments: