‘वन फैमिली, वन एंटरप्रेन्योर’ विजन को साकार करने की पहल

युवाओं के बिजनेस आइडिया को उड़ान देने की तैयारी

मंगन : सिक्किम सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा सिक्किम इंस्पायर्स कार्यक्रम के तहत आयोजित ‘सिक्किम राइज’ (रियलाइजिंग आइडियाज़, शेपिंग एंटरप्रेन्योरशिप) की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार को मंगन में हुआ। सीड सेल के सहयोग तथा आईआईएम कोलकाता इनोवेशन पार्क (आईआईएमसीआईपी) के नॉलेज पार्टनर के रूप में आयोजित यह दो दिवसीय कार्यक्रम मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के ‘वन फैमिली, वन एंटरप्रेन्योर’ के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अनंत जैन (आईएएस), वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के प्रधान निदेशक (एमएसएमई) डॉ रवि कुमार, विभाग के ओएसडी एवं सीड सेल के महासचिव दीपेन सुब्बा, उपमंडलाधिकारी संदीप कुमार (आईएएस) तथा सीड सेल के संगठन सचिव ताशी ओंगदुप लेप्चा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीड सेल के कार्यकारी सदस्यों जांगपो शेरपा, विकास शर्मा और तेनजिंग छोडेन लाचेनपा ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों के पंजीकरण, समन्वय और कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पहले दिन का मुख्य फोकस ओरिएंटेशन और क्षमता निर्माण पर रहा। इस दौरान प्रतिभागियों को नवाचारपूर्ण विचारों को सफल व्यवसाय में बदलने के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया गया। आईआईएम कोलकाता इनोवेशन पार्क के विशेषज्ञ राम कुमार और श्रीनिवास गाधाविल्ली ने बिजनेस मॉडल तैयार करने, बाजार का आकलन, वित्तीय योजना और प्रभावी प्रस्तुति (पिचिंग) जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया।

कार्यक्रम का समापन 31 जुलाई को जिला स्तरीय बिजनेस पिचिंग सत्र के साथ होगा, जिसमें युवा उद्यमी विशेषज्ञ निर्णायक मंडल के समक्ष अपने व्यावसायिक विचार प्रस्तुत करेंगे। चयनित प्रतिभागी सिक्किम राइज राज्य स्तरीय सेमीफाइनल में मंगन जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस पहल का उद्देश्य राज्य में नवाचार आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देना और मजबूत उद्यमशील पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics