गेजिंग : जिले में होने वाले मतदाता सूची के आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में गेजिंग जिला निर्वाचन अधिकारी सह जिला कलेक्टर तेनजिंग डी डेन्जोंग्पा ने आज राबदेंत्से स्थित जिला प्रशासनिक केंद्र में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक आपात बैठक आयोजित की। इसमें एडीसी (मुख्यालय) तृप्ति हांग्मा सुब्बा, ईआरओ सह एसडीएम संदेश सुब्बा, ईआरओ सह एसडीएम (मुख्यालय) अग्नि प्रसाद छेत्री, डीपीओ पीडी भूटिया, डीआईओ राजेन तमांग, जिला निर्वाचन प्रकोष्ठ के अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर एडीसी (मुख्यालय) तृप्ति हांग्मा सुब्बा ने एसआईआर प्रक्रिया की मुख्य विशेषताओं और कार्यविधियों से अवगत कराते हुए इस कार्य के दौरान सुचारू समन्वय सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की भ्रांति से बचने के लिए सभी राजनीतिक दलों द्वारा बूथ स्तरीय अधिकारी की तत्काल नियुक्ति के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि बीएलओ मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, जिन्हें वोटर सर्विस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी भरा जा सकता है। उन्होंने कहा कि गणना चरण के दौरान कोई भी दस्तावेज एकत्र नहीं किया जाएगा। जिन मामलों में घर बंद पाए जाएंगे, वहां परिसर में पर्चियां छोड़ दी जाएंगी और बीएलओ भरे हुए प्रपत्रों को एकत्र करने के लिए तीन बार दौरा करेंगे।
इसके अतिरिक्त, सुब्बा ने यह भी सूचित किया कि अधिकृत बीएलए प्रतिदिन 50 गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं और 10 दावे एवं आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार, बीएलए इस प्रक्रिया से संबंधित किसी भी स्पष्टीकरण के लिए सीधे मुख्य निर्वाचन अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी या ईआरओ के साथ समन्वय कर सकते हैं।
सुब्बा ने इस कार्य के लिए स्थापित संचार तंत्र पर प्रकाश डालते हुए एक ‘जिला मीडिया प्रकोष्ठ’ के गठन के बारे में भी बताया। साथ ही, एसआईआर प्रक्रिया के दौरान आमलोगों की सहायता हेतु हेल्प डेस्क स्थापित करने के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्होंने आगे बताया कि ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया गया है और इसकी तारीखें सभी संबंधित लोगों को बता दी गई हैं।
इस दौरान, डीईओ सह डीसी तेनजिंग डी डेन्जोंग्पा ने भी राजनीतिक दलों के लिए जल्द से जल्द बीएलए नियुक्त करने की तत्काल आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को सीईओ, डीईओ और ईआरओ द्वारा समय-समय पर बुलाई जाने वाली बैठकों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीएलए, बीएलओ और पर्यवेक्षकों के साथ समन्वय स्थापित करने में, और एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित किसी भी भ्रम को दूर करने में मतदाताओं की सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इसके साथ ही, डीईओ ने सभी हितधारकों से निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार काम करने और जिले में सफलतापूर्वक और निष्पक्ष एसआईआर संपन्न कराने के लिए समय पर और समन्वित तरीके से कार्य करने का आग्रह किया।
No Comments: