गंगटोक : हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले के बाद बुधवार तड़के भारत की सैन्य प्रतिक्रिया का समर्थन करते हुए सिक्किम के राजनीतिक दलों ने एकमतता दिखाई है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति राज्य की गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व वाली सत्ताधारी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (#SKM) ने आतंकी शिविरों के खिलाफ कार्रवाई का त्वरित समर्थन किया है। एसकेएम प्रवक्ता विकास बस्नेत ने कहा, हम अपने देश द्वारा उठाए गए इस साहसिक और निर्णायक कदम की सराहना करते हैं। आतंकी शिविरों के खिलाफ लक्षित कार्रवाई दुनिया को एक स्पष्ट संदेश देती है कि भारत अपनी रक्षा खुद करेगा।
वहीं, सिटीजन एक्शन पार्टी (#CAP) ने सैन्य कार्रवाई को ऐतिहासिक बताया और आतंकवाद के प्रति भारत के जीरो टॉलरेंस के दृष्टिकोण को दर्शाया। पार्टी के प्रचार महासचिव हेमराज अधिकारी ने कहा, यह केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं है-यह शांति के दुश्मनों के लिए एक कड़ा संदेश है। जब बात अपने लोगों और क्षेत्र की सुरक्षा की आती है तो भारत कभी समझौता नहीं करेगा।
इसके साथ ही, सिक्किम प्रदेश #BJP ने भी इसी सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि वह आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के अपने अटूट संकल्प में राष्ट्र के साथ गर्व से खड़ी है। पार्टी ने ऑपरेशन के सफल क्रियान्वयन के लिए सशस्त्र बलों को बधाई दी और इसे शांति के दुश्मनों के लिए एक जोरदार संदेश बताया।
इधर, सिक्किम के आम नागरिकों ने भी देशभक्ति के व्यापक प्रदर्शन के साथ अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर ऑनलाइन समर्थन संदेश साझा किए और सैनिकों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना सभाएं आयोजित की हैं।
उल्लेखनीय भारतीय सेना का ऑपरेशन सिंदूर, थल सेना, वायु सेना, खुफिया सेवाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार को शामिल करते हुए एक समन्वित प्रयास था, जिसने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकी ढांचे को निशाना बनाया। आतंकवाद के लिए एक आवश्यक प्रतिक्रिया के रूप में इस ऑपरेशन को देश भर में समर्थन मिला है।
#anugamini #sikkim
No Comments: