नई दिल्ली । तमिलनाडु की राजनीति को लेकर पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज मार्कंडेय काटजू ने अभिनेता और राजनेता विजय पर तीखा हमला बोला है। काटजू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए विजय को ‘फिल्म अभिनेता और जनभावनाओं को भड़काने वाला नेता’ बताया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की गंभीर सामाजिक और आर्थिक समस्याओं को सुलझाने की समझ विजय में नहीं है।
मार्कंडेय काटजू ने अपने बयान में लिखा कि विजय आज तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं, लेकिन राज्य की जनता जल्द ही उनसे निराश हो जाएगी। उन्होंने विजय के लिए ‘मसखरा’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए कहा कि लोगों को जल्द एहसास होगा कि केवल लोकप्रियता और फिल्मी छवि के दम पर राजनीति नहीं चलाई जा सकती।
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। विजय समर्थक काटजू की टिप्पणी की आलोचना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे तमिलनाडु की राजनीति पर बड़ी टिप्पणी मान रहे हैं। विजय पिछले कुछ समय से राजनीति में सक्रिय हैं और उनकी पार्टी को लेकर तमिलनाडु में लगातार चर्चाएं हो रही हैं। युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें राज्य की राजनीति का बड़ा चेहरा माना जा रहा है।
टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें सीएम पद की शपथ दिलाई। विजय के शपथ ग्रहण के साथ ही डीएमके और एआईएडीएमके के लगभग 6 दशकों का दबदबा खत्म हो गया। जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में विजय के अलावा एन. आनंद, आधव अर्जुन, केजी अरुण राज, केए. सेंगोट्टैयन, पी.वेंकेटरामनन, आर.निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ.टीके प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तना ने मंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय नेता, फिल्मी हस्तियां, पार्टी कार्यकर्ता और हजारों समर्थक शामिल हुए। भारी सुरक्षा व्यवस्था में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ।
No Comments: