नई दिल्ली । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते हालात को लेकर मंत्रियों के अनौपचारिक सशक्त समूह (आईजीओएम) की हाई लेवल बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में क्षेत्रीय तनाव, भारत की सुरक्षा चिंताओं और वहां मौजूद भारतीय नागरिकों के हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। केंद्र सरकार लगातार पश्चिम एशिया की स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है और हालात से निपटने के लिए विभिन्न मंत्रालयों के बीच समन्वय को मजबूत किया जा रहा है।
राजनाथ सिंह ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच हुई आईजीओएम की छठी बैठक के बाद कहा कि सरकार ने देश में जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता और सप्लाई चेन की मजबूती की समीक्षा की है। रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार पश्चिम एशिया संघर्ष शुरू होने के बाद से लगातार प्रभावी काम कर रही है। मंत्रियों के समूह ने कठिन समय में दूरदर्शी नेतृत्व देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार भी जताया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि फिलहाल देश में जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और नागरिकों को पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी करने से बचना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार सभी आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। सरकार का यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक बाजारों पर असर की आशंकाएं बढ़ रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में रक्षा, विदेश और सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। पश्चिम एशिया में जारी अस्थिरता का असर वैश्विक सुरक्षा, ऊर्जा आपूर्ति और सामरिक संतुलन पर पड़ सकता है, जिसे देखते हुए भारत सरकार सतर्क रुख अपनाए हुए है। बैठक में संभावित आपात स्थितियों से निपटने, भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रणनीतिक तैयारियों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि केंद्र सरकार आने वाले दिनों में पश्चिम एशिया की स्थिति के अनुसार आगे की रणनीतिक और कूटनीतिक पहल तेज कर सकती है। आईजीओएम की यह बैठक ऐसे समय हुई है जब क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है और दुनिया की बड़ी शक्तियां भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। माना जा रहा है कि भारत सरकार स्थिति के हर पहलू पर सक्रिय रूप से काम कर रही है ताकि किसी भी चुनौती का समय रहते सामना किया जा सके।
No Comments: