नई दिल्ली । मैं घायल हूं इसलिए घातक हूं… इस महीने की शुरुआत में जब आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्यसभा में पार्टी के सांसद राघव चड्ढा को सदन में पार्टी के उप-नेता के पद से हटाने की बात की तो उसके बाद राघव चड्ढा ने कुछ ऐसे ही पलटवार किया था। और देखिए कि ज्यादा वक्त नहीं बीता और राघव चड्ढा ने वह बात सही साबित कर दी। शुक्रवार राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी में शामिल होने का ऐलान कर दिया। राघव चड्ढा ने कहा कि आप के दो तिहाई से अधिक सांसद उनके साथ हैं।
Raghav Chadha ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राज्यसभा में आप के 10 सांसद हैं और 2/3 से ज्यादा सांसद इस मुहिम में हमारे साथ हैं। उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, स्वाती मालीवाल और अन्य नेता हमारे साथ हैं। उन्होंने पहले ही हस्ताक्षर कर दिए हैं, और आज सुबह हमने सभी जरूरी दस्तावेज, जिनमें हस्ताक्षरित पत्र और अन्य औपचारिक कागजात शामिल हैं, राज्यसभा के सभापति को सौंप दिए हैं।
शराब घोटाला से जुड़े मामले के आरोप में मार्च 2024 में दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के समय राघव चड्ढा मेडिकल कारणों से विदेश में थे। इसके साथ ही केजरीवाल की लगभग छह महीने की कैद के दौरान राघव चड्ढा देश से बाहर ही रहे और 13 सितंबर 2024 को उनकी रिहाई के कुछ ही दिनों बाद उनसे मिले। दिल्ली की एक अदालत द्वारा आबकारी मामले में केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप के अन्य नेताओं को पिछले महीने बरी किए जाने पर राघव चड्ढा ने चुप्पी साधे रखी। अदालत से राहत मिलने के बाद केजरीवाल की पत्रकार वार्ता और जंतर-मंतर पर हुई रैली में भी वह शामिल नहीं हुए।
कभी केजरीवाल के करीबी विश्वासपात्र और देश के सबसे युवा सांसदों में से एक माने जाने वाले चड्ढा ने पार्टी के कार्यों में अहम भूमिका निभाई थी। इसमें खासकर पंजाब और दिल्ली में आप के कार्यकाल के दौरान उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। राघव चड्ढा को जब राज्यसभा में उपनेता के पद से हटाया गया था और उन पर पार्टी के नेताओं की ओर से आरोप लगाए गए तब उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा संसद में जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया है। फिल्म धुरंधर के डायलॉग का सहारा लेते हुए राघव चड्ढा ने एक वीडियो संदेश में कहा था कि मैं घायल हूं इसलिए घातक हूं।
No Comments: