मुंगेरी लाल के सपने देख रहे अखिलेश : केशव प्रसाद मौर्य

प्रयागराज । उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर बृहस्पतिवार को तीखा हमला बोला। सर्किट हाउस में संवाददाताओं से हुई बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव इन दिनों मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव में वह चारों खाने चित्त नजर आएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के बाद अखिलेश यादव को राजनीति छोड़कर वापस सैफई प्रस्थान करना पड़ेगा।

लखनऊ रवाना होने से पहले सर्किट हाउस में बातचीत में Keshav Prasad Maurya ने सपा की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का मूल चरित्र समाज को आपस में लड़ाना और लोगों के घाव पर नमक छिड़कना है। डिप्टी सीएम ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश यादव इस वक्त सत्ता के वियोग में व्याकुल हैं। उनका यह वियोग केवल 2027 तक ही सीमित नहीं रहने वाला है, बल्कि 2047 तक उन्हें इसी तरह इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सपा चाहे अकेले चुनाव लड़े या फिर बसपा और कांग्रेस के साथ गठबंधन कर ले, प्रदेश में केवल कमल ही खिलेगा।

कानून व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्षी दल को घेरते हुए मौर्य ने कहा कि प्रदेश की माताएं और बहनें अब जागरूक हो चुकी हैं। वह कभी भी साइकिल का बटन दबाकर अपनी सुरक्षा को खतरे में नहीं डालेंगी। जनता जानती है कि सपा के शासन में गुंडागर्दी और पलायन का बोलबाला रहता था। यदि फिर से साइकिल की रफ्तार बढ़ी तो उत्तर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार में सुशासन और कानून का राज कायम है और भविष्य में भी रहेगा।

इसी दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यदि बंगाल की जनता ने निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया तो 2026 में वहां भाजपा की ऐतिहासिक जीत दर्ज होगी। इसके पूर्व सर्किट हाउस में उन्होंने आम लोगों की समस्याएं सुनी और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस अवसर पर अवधेश चंद्र गुप्ता, सुबोध सिंह, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, आशीष गुप्ता, श्याम चंद्र, विक्रमजीत भदौरिया, आनंद सोनकर आदि मौजूद रहे।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics