गंगटोक : सिक्किम राज्य बनने के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्य सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह सोमवार को सूचना भवन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क अध्यक्ष अशित राई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ, विभाग की सचिव अन्नपूर्णा आले, विशेष सचिव अनिता सुब्बा, निदेशक सुनील कुमार मोथे और अतिरिक्त निदेशक विशाल खवास सहित अन्य अधिकारी, प्रतिभागी फोटोग्राफर एवं अन्य भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अशित राई ने फोटोग्राफी को कहानी कहने का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि हर तस्वीर अपने भीतर एक संदेश और कहानी समेटे होती है। उन्होंने फोटो पत्रकार के रूप में अपने अनुभव साझा करते हुए 2006 में नाथुला व्यापार मार्ग के पुन: खुलने की कवरेज को याद किया और कहा कि एक प्रभावशाली तस्वीर सामाजिक, राजनीतिक और मानवीय भावनाओं को मजबूती से व्यक्त कर सकती है।
वहीं, राई ने विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उभरते फोटोग्राफरों को सिर्फ पुरस्कारों पर ध्यान देने के बजाय अपने कौशल को निखारने और इस कला के प्रति अपने जुनून को आगे बढ़ाने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए आईपीआर विभाग- खासकर डिप्टी डायरेक्टर (फोटो सेक्शन) केशव छेत्री और उनकी टीम की कोशिशों की भी सराहना की।
आईपीआर सचिव अन्नपूर्णा आले ने बताया कि प्रतियोगिता में राज्यभर से 42 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जिनमें से मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद 13 प्रविष्टियों को पुरस्कार के लिए चुना गया। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों ने अपनी तस्वीरों के माध्यम से सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति, जैव विविधता, विरासत और विकास को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। चयनित तस्वीरें विभाग के डिजिटल एलईडी स्क्रीन पर भी प्रदर्शित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ फ्रीलांस फोटोग्राफर और बटरफ्लाइज एंड मॉथ्स ऑफ सिक्किम नेचर कंजर्वेशन सोसाइटी के सदस्य नवांग ग्याछो भूटिया ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि फोटोग्राफी के प्रति रुचि ने उन्हें तितलियों के शोध, संरक्षण और दस्तावेजीकरण के क्षेत्र में आगे बढ़ाया। उन्होंने आगे बताया कि सालों के फील्डवर्क और डॉक्यूमेंटेशन का नतीजा सिक्किम की तितलियों पर एक विस्तृत किताब के प्रकाशन के रूप में सामने आया, जिसमें 1,000 से ज़्यादा तस्वीरें शामिल हैं। ‘बटरफ्लाइज एंड मॉथ्स ऑफ सिक्किम नेचर कंजर्वेशन सोसाइटी’ के जरिए, वह संरक्षण के बारे में जागरूकता फैलाना, गाइड ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाना और उभरते फोटोग्राफरों और प्रकृति प्रेमियों का मार्गदर्शन करना जारी रखे हुए हैं।
प्रतियोगिता में करण हांगकिम राई ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया, जिन्हें 50 हजार रुपये की नकद राशि दी गई। वहीं, प्रीतिसा प्रधान ने दूसरा और उगेन गुरुंग ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जिन्हें क्रमश: 30 हजार और 20 हजार रुपये प्रदान किए गए। इसके अलावा, दस प्रतिभागियों को 5-5 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम का समापन आईपीआर निदेशक सुनील कुमार मोथे के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
No Comments: