पटना । नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पास नहीं होने पर आज एनडीए की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विशाल जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया। लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक पारित न होने के विरोध में आयोजित इस मार्च में हज़ारों महिलाओं ने भाग लिया और मुख्य रूप से राजद और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गाँधी मैदान स्थित कारगिल चौक पर एकत्रित होकर महिलाओं ने कांग्रेस और राजद का जमकर विरोध किया। महिलाएं लगातार ‘नारी शक्ति का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ और ‘राजद मुर्दाबाद कांग्रेस मुर्दाबाद’ का नारा लगा रही थी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजद और कांग्रेस पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद महिला विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल यह चाहते हैं कि सिर्फ उनके ही परिवार की महिलाएं सांसद और विधायक के रुप में चुनकर सदन में जाएं और आम घरों की बेटियों को यह मौका नहीं मिले। उन्होंने राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का नाम लेते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव ने अपनी पत्नी को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष और बेटी को लोकसभा सांसद बनाया। वहीं संसद के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर उन्होंने हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी की बहन सांसद बन सकती हैं, अखिलेश यादव की पत्नी भी सांसद बन सकती हैं, डीएमके के नेता एमके स्टालिन की बहन कनिमोझी भी सांसद बन सकती हैं लेकिन इनकी मंशा यह है कि किसी गरीब परिवार की महिला सांसद या विधायक नहीं बन सके। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की आम महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में पहुंचाना चाहते हैं, जबकि विपक्षी दलों के नेता इसे अपने परिवार तक ही सीमित रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री चाहते हैं कि इस देश की कम से कम 272 बहन-बेटियां सांसद चुनकर लोकसभा में जाएं। इसे लेकर लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पेश किया गया था लेकिन विपक्षी दलों ने पास नहीं होने दिया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इस देश में मां दुर्गा, मां सरस्वती, मां काली की पूजा होती है, जिन्होंने असुरों का संहार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार और नितिन नवीन के नेतृत्व में एनडीए पूरी एकजुटता से महिला आरक्षण बिल के साथ खड़ा है। हमलोग महिलाओं को अधिकार देकर ही रहेंगे। एक अभिभावक के रूप में नीतीश कुमार ने बिहार को आगे बढ़ाने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभिभावक के तौर देश में काम कर रहे हैं। अब बिहार में आपका भाई सम्राट चौधरी आपके साथ खड़ा है। यदि महिलाओं की सुरक्षा में कोई बाधा बनेगा तो उसे बख्शा नहीं जायेगा, उसे पाताल से भी खोज निकाला जायेगा। हम आपके बीच समर्थन देने आए हैं।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि विधायक बिल पास नहीं होने पर विरोधी मिठाई बाँट रहे थे। अगर यह विधायक पास हो जाता तो विधानसभा में महिलाओं की संख्या बढ़ जाती। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि विपक्ष ने न सिर्फ महिलाओं का अधिकार छीना है बल्कि महिलाओं का अपमान भी किया है। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि इस आक्रोश प्रदर्शन में प्रदेश के सभी जिलों से लाखों की संख्या में एनडीए की महिला कार्यकर्ताओं के अलावा आम महिलाएं भी भाग ली हैं, इसके लिए उनको भी बहुत बहुत धन्यवाद।
No Comments: