सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा और समर्पण की प्रेरणा : विधानसभा अध्यक्ष

'अपनी भाषा, संस्कृति और पारंपरिक पहचान को बचाकर रखें'

गंगटोक : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को गंगटोक के चिंतन भवन में राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के साथ-साथ स्वदेशी भाषाओं, पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिक्किम विधानसभा के अध्यक्ष मिंग्मा नोरबू शेरपा उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरु हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य लोगों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर खादा अर्पित कर एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद गृह सचिव तेनजिंग टी कालेओन ने स्वागत संबोधन दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई।

यहां अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष मिंग्मा नोरबू शेरपा ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद लगभग 562 रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराना उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि थी। उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने देश की राजनीतिक एकता और क्षेत्रीय अखंडता की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि पटेल का जीवन और आदर्श आज भी आने वाली पीढि़यों को जाति, धर्म और सांस्कृतिक भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

गुजरात में स्थापित 182 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे सरदार पटेल के असाधारण योगदान के प्रति देश की ओर से एक उपयुक्त श्रद्धांजलि बताया। प्रतिमा के अपने भ्रमण अनुभव साझा करते हुए उन्होंने सार्वजनिक जीवन में विनम्रता, जवाबदेही और जिम्मेदारी के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

अध्यक्ष ने सरदार पटेल के बड़े भाई विट्ठलभाई झावेरभाई पटेल के योगदान को भी याद किया, जो वर्ष 1925 में केंद्रीय विधान सभा के पहले निर्वाचित भारतीय अध्यक्ष बने थे। उन्होंने ब्रिटिश शासन के दौरान सदन के अध्यक्ष पद की गरिमा और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए विट्ठलभाई पटेल द्वारा अपनाए गए दृढ़ रुख का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों भाइयों का जीवन राष्ट्रसेवा और त्याग का प्रेरक उदाहरण है।

इसके साथ ही, सिक्किम की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं के संरक्षण पर जोर देते हुए शेरपा ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने प्रत्येक गुरुवार को पारंपरिक वेशभूषा पहनने को प्रोत्साहित करने की पहल की है। इसी तरह विधानसभा में भी विधायकों को अपनी-अपनी पारंपरिक पोशाक पहनने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने युवा पीढ़ी के बीच स्थानीय भाषाओं के घटते इस्तेमाल पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भाषा, संस्कृति और पारंपरिक वेशभूषा किसी भी समुदाय की पहचान के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने अभिभावकों और परिवारों से अपनी मातृभाषा को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने तथा बच्चों को अपनी भाषाई और सांस्कृतिक जड़ों से जोडक़र रखने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान संस्कृति विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति युगल गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद संस्कृति विभाग के ओएसडी भवानी घिमिरे ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

सिक्किम की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का उल्लेख करते हुए घिमिरे ने कहा कि लेप्चा, भूटिया और नेपाली समुदायों की परंपराएं एवं सांस्कृतिक पहचान राज्य की विशिष्ट पहचान का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाए रखते हुए सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक है। एक सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में सामूहिक जिम्मेदारी, सद्भावना और आपसी सम्मान की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम में आईपीआर विभाग की ओर से सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और भारत के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

इससे पहले, चिंतन भवन पहुंचने पर मुख्य सचिव आर तेलंग और पुलिस महानिदेशक अक्षय सचदेवा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद सिक्किम पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं सहकारिता मंत्री अरुण कुमार उप्रेती, शहरी विकास तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री भोज राज राई, विधायक सह सामाजिक कल्याण सलाहकार पामिन लेप्चा, गंगटोक जिला पंचायत अध्यक्ष, मुख्यमंत्री के सलाहकार, गंगटोक नगर निगम के डिप्टी मेयर, मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव, गंगटोक के अतिरिक्त राजनीतिक सचिव और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics