29 अक्टूबर से सजेगा ‘ब्लूमिंग यांगगांग 2026’ का मंच

पर्यटन व उद्यमिता को नई पहचान देने की तैयारी

यांगगांग : आगामी ‘ब्लूमिंग यांगगांग 2026’ के आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को न्यू एसडीएम कार्यालय, यांगगांग में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता 15 रांगगांग-यांगगांग विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं विधानसभा उपाध्यक्ष राजकुमारी थापा ने की।

बैठक में खाद्य प्रसंस्करण विभाग के सलाहकार सीएल गुरुंग, एसडीएम यांगगांग के.एल. दहाल, बीडीओ नीडे भूटिया, जिला पंचायत सदस्य केडी काफले, लीला कुमारी राई, मार्केटिंग मैनेजर प्रेम डोमा तमांग, पंचायत अध्यक्षों एवं सदस्यों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, एसकेएम पार्टी कार्यकर्ताओं और यांगगांग पर्यटन विकास समिति (वाईटीडीसी) के सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक में तीन दिवसीय आयोजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें विभिन्न विभागों की भागीदारी, पुष्प प्रदर्शनी-सह-बिक्री, फूल उत्पादकों और बागवानी विभाग की सहभागिता पर चर्चा हुई। साथ ही खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की भागीदारी, स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन, उद्यमिता को प्रोत्साहन और क्षेत्र की कृषि एवं बागवानी क्षमता को बढ़ावा देने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।

आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, बुनियादी सुविधाओं, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, चिकित्सा सेवाओं, स्वच्छता, प्रचार-प्रसार, ब्रांडिंग, प्रायोजन और वित्तीय सहायता की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष राजकुमारी थापा ने सभी विभागों और संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने आयोजन को सुचारु और सफल बनाने के लिए समय पर तैयारियां पूरी करने की आवश्यकता बताई।

‘कल्टिवेटिंग कम्युनिटी, सेलिब्रेटिंग ग्रोथ’ यानी ‘समुदाय को संवारें, विकास का उत्सव मनाएं’ थीम पर आधारित ब्लूमिंग यांगगांग 2026 का आयोजन 29 से 31 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय पुष्प उत्पादन, बागवानी उत्पादों, खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों, सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक भागीदारी को मंच प्रदान करना है। इसके साथ ही यांगगांग को पर्यटन, स्थानीय उद्यमिता और टिकाऊ सामुदायिक विकास के उभरते केंद्र के रूप में बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics