गंगटोक : सिक्किम स्टेट कोऑपरेटिव यूनियन (एसआईसीयूएन) ने गुजरात के आणंद स्थित त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय के साथ शैक्षणिक सहयोग को अंतिम रूप दे दिया है। इसके तहत नवंबर 2026 के तीसरे सप्ताह से सहकारी प्रबंधन में तीन माह का प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा।
यह पाठ्यक्रम एसआईसीयूएन के जूनियर कोऑपरेटिव ट्रेनिंग सेंटर में संचालित होगा। इस पहल का उद्देश्य सिक्किम के सहकारी क्षेत्र में व्यावसायिक प्रशिक्षण, क्षमता विकास और कुशल मानव संसाधन तैयार करना है। त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय केंद्र सरकार के सहकारिता मंत्रालय के अंतर्गत संचालित है। पाठ्यक्रम की संबद्धता और शैक्षणिक क्रियान्वयन को लेकर अंतिम बैठक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो (डॉ) एसपी सिंह के साथ आणंद स्थित उनके कार्यालय में हुई।
बताया गया है कि पाठ्यक्रम पुस्तिका जारी करने सहित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और एसआईसीयूएन अब पहले बैच के संचालन की तैयारी में जुटा है। पाठ्यक्रम विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित शैक्षणिक मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित किया जाएगा। इसमें प्रतिभागियों को सहकारी प्रबंधन से जुड़ा व्यवस्थित अकादमिक ज्ञान, व्यावहारिक अनुभव और आवश्यक पेशेवर कौशल प्रदान किया जाएगा।
कुलपति प्रो (डॉ) एसपी सिंह ने विश्वविद्यालय से संबद्धता मिलने के बाद एसआईसीयूएन द्वारा पहला प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शुरू करने की पहल की सराहना की। उन्होंने इसे सहकारी प्रबंधन के क्षेत्र में व्यवस्थित शिक्षा और पेशेवर विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
यूनियन के अध्यक्ष डॉ मंगल जीत राई ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से मिले मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि यूनियन पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी सहकारी क्षेत्र में पेशेवर विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।
डॉ. राई ने नवंबर 2026 में पाठ्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कुलपति को सिक्किम और एसआईसीयूएन के दौरे के लिए आमंत्रित भी किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की अकादमिक साझेदारी से सिक्किम में सहकारी संस्थाओं और हितधारकों को नई दिशा मिलेगी तथा प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी।
No Comments: