पहला गवर्नर आर्चरी गोल्ड कप ग्रीन तारा के नाम

छिरिंग ग्यूरमी मैन ऑफ द मैच

गंगटोक : सिक्किम आर्चरी एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रथम गवर्नर आर्चरी गोल्ड कप का मंगलवार को ताथांगचेन आर्चरी फील्ड में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर मुख्य अतिथि और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सिक्किम आर्चरी एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा मंत्री सोनम लामा ने कहा कि गवर्नर आर्चरी गोल्ड कप आयोजित करने वाला सिक्किम देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व में राज्य में खेलों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण देश-विदेश में देखा गया, जिससे सिक्किम की पारंपरिक तीरंदाजी को व्यापक पहचान मिली है।

उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य नई प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढऩे का अवसर देना है। राज्य सरकार खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। क्रिकेट और फुटबॉल सहित अन्य खेलों को भी विभिन्न प्रतियोगिताओं और सिक्किम प्रीमियर लीग जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है।

22 अगस्त से शुरू हुई प्रतियोगिता में कुल 19 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला ग्रीन तारा और धोखबू के बीच खेला गया। कड़े मुकाबले में ग्रीन तारा ने 20वें राउंड के अंत तक 66 में से 53 ‘करे’ हासिल कर खिताब अपने नाम किया, जबकि धोखबू ने 63 में से 46 ‘करे’ के साथ उपविजेता स्थान प्राप्त किया। ग्रीन तारा के छिरिंग ग्यूरमी को ‘मैन ऑफ द मैच’ और सोच्यागांग जीटी के चेंचो रिनजिंग को ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ घोषित किया गया।

समारोह में वरिष्ठ तीरंदाज पेजो छिरिंग भूटिया को सम्मानित किया गया, जबकि दिवंगत वरिष्ठ तीरंदाज ओंगचुक भूटिया को मरणोपरांत सम्मान प्रदान किया गया। सिक्किमी परंपराओं के संरक्षण में योगदान के लिए मेमा भूटिया तथा सामाजिक कार्यों के लिए ठेकेदार एवं समाजसेवी कमलेश कुमार अग्रवाल और रोशन अग्रवाल को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा थिम्पे, पालदेन छिरिंग भूटिया तथा मैच कमिश्नर चिदुप छिरिंग भूटिया और जिग्मी लेप्चा को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में राज्य के मंत्री, विधायक, गंगटोक नगर निगम के मेयर व डिप्टी मेयर, विभिन्न विभागों के सचिव एवं अधिकारी, सिक्किम आर्चरी एसोसिएशन के सदस्य, खिलाड़ी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics