साधु-संतों के अपमान पर होगी कार्रवाई : शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता । पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ‘गौमाता’ की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि साधु-संतों का अपमान करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे लोगों को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने दावा किया कि राज्य में अब राजनीतिक और सामाजिक माहौल बदल चुका है।

कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित भगवद्गीता पाठ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से बिना किसी डर के अपने धर्म और आस्था का पालन करने की अपील की। यह कार्यक्रम बंगुर जागरण मंच की ओर से आयोजित किया गया था, जिसमें करीब 11 हजार लोगों ने एक साथ भगवद्गीता का पाठ किया।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि लोगों को भगवद्गीता का पाठ करने और उसकी प्रतियां बांटने में किसी तरह की झिझक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने हनुमान चालीसा का वितरण करने और ‘हरे कृष्ण’ मंत्र का जाप करने की भी बात कही। उन्होंने कहा, बिना किसी हिचकिचाहट के भगवद्गीता का पाठ करें और इसे लोगों में बांटें। हनुमान चालीसा बांटें। हरे कृष्ण मंत्र का जाप करें और शंख बजाएं। डरने की कोई जरूरत नहीं है। मौसम बदल गया है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में अब ऐसी सरकार है जो हिंदू धार्मिक परंपराओं और ‘गौमाता’ की रक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि टीका, शिखा, धोती और तुलसी वाली सरकार आ गई है। गौमाता की रक्षा करने वाली सरकार यहां है। अधिकारी ने आगे कहा कि साधु-संतों का अपमान करने वालों को उनकी सरकार जेल भेजेगी। उन्होंने लोगों से धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर सतर्क रहने तथा विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ एकजुट रहने की अपील भी की।

शुभेंदु अधिकारी ने अपने संबोधन में लोगों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि समाज को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा हम सभी को एकजुट और सतर्क रहना होगा। इस दौरान उन्होंने ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ का जिक्र करते हुए कश्मीर की आजादी से जुड़े नारे लगाने वालों के खिलाफ भी लोगों को आगाह किया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics