पर्यटन के साथ प्रकृति संरक्षण भी जरूरी : सोनम नॉर्गे लाचुंग्पा

मंगन : जिला पर्यटन कार्यालय, मंगन और जिला प्रशासनिक केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम डिजिटल एजेंडा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से पर्यटन को नया स्वरूप देना रही। कार्यक्रम डीएसी हॉल में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष काडो लेप्चा मुख्य अतिथि, उपाध्यक्ष सोनम किपा भूटिया विशिष्ट अतिथि तथा पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अध्यक्ष सोनम नॉर्गे लाचुंग्पा और मंगन के पुलिस अधीक्षक रिनजिंग चोपेल राई विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ग्रेफ और वन विभाग के अधिकारी, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारक, मंगन जिले के राइडर्स तथा टैक्सी संघों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सिक्किम घूमने और देखने आए उन लोगों की स्मृति में दीप प्रज्ज्वलित कर की गई, जिन्होंने दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाई। पर्यटक अधिकारी दावा लेप्चा ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सहायक निदेशक पर्यटन जॉन छेत्री ने विश्व पर्यटन दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री छिरिंग टी. भूटिया के वीडियो संदेश भी प्रदर्शित किए गए।

जिला पंचायत अध्यक्ष कादो लेप्चा ने पर्यटन क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों के प्रयासों की सराहना करते हुए पर्यटन को मजबूत करने के लिए निरंतर सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने जिम्मेदार वाहन चलाने पर जोर देते हुए चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की।

अध्यक्ष Sonam Norgay Lachungpa ने पर्यटन, कृषि और पर्यावरण संरक्षण के बीच संबंध पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि टिकाऊ पर्यटन के विकास के लिए प्रकृति का संरक्षण जरूरी है। उन्होंने क्षेत्र में रिस्ट्रिक्टेपड एरिया परमिट (आरएपी) और प्रोटेक्टेतड एरिया परमिट (पीएआर) के लिए एकीकृत परमिट प्रणाली शुरू किए जाने की भी जानकारी दी, जिससे क्षेत्र में कारोबार को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

मंगन के पुलिस अधीक्षक रिनजिंग चोपेल राई ने यातायात नियमों और निर्धारित समय-सारिणी का पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने चालकों और पर्यटन हितधारकों से सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा भूस्खलन जैसी आपात स्थितियों में पर्यटकों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी संचार व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मंगन जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करने में योगदान देने वाले लोगों एवं हितधारकों को सम्मानित किया गया। स्थानीय त्योहारों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन तथा उन्हें पर्यटकों के सामने प्रस्तुत करने में योगदान देने वालों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन सहायक निदेशक, पर्यटन जॉन छेत्री के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics