मंत्री छिरिंग टी. भूटिया ने भूस्खलन क्षेत्र का किया दौरा

गेजिंग : जिले के रिम्बी-सिंगलिताम में हुए भीषण भूस्खलन क्षेत्र का आज क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री छिरिंग टी. भूटिया ने दौरा कर प्रभावित इलाके में हुए नुकसान का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों के घरों, संपत्तियों तथा सड़क को हुई क्षति का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र में संपर्क बहाल करने के लिए तत्काल अस्थायी उपायों पर भी चर्चा की। निरीक्षण में पंचायत अध्यक्ष मंगल राई, वार्ड पंचायत सदस्य और स्थानीय लोग मंत्री के साथ मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि इस भूस्खलन से कई मकानों और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। भूस्खलन की चपेट में आने से मल्ली-खेचुपेरी-योक्सम को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सडक़ पूरी तरह ध्वस्त हो गई है, जिससे क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाने वाली सड़क संपर्क व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।

निरीक्षण के दौरान, मंत्री भूटिया ने कहा कि वे भूस्खलन के बाद उत्पन्न समस्याओं और लोगों की शिकायतों पर लगातार नजर रख रहे हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों और आम लोगों को हो रही परेशानियों पर चिंता जताते हुए हर संभव सरकारी सहायता का भरोसा दिया।

मंत्री ने गंभीर रूप से प्रभावित परिवारों को आश्वासन दिया गया कि सरकार उनकी सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। जिन परिवारों के मकान पूरी तरह प्रभावित हुए हैं, उन्हें नई खरीदी गई जमीन पर मकान निर्माण के लिए भी सरकारी सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि भूस्खलन से उत्पन्न कठिनाइयों को कम करने और स्थिति सामान्य करने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।

वहीं, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के बाद मंत्री भूटिया ने ताथांग स्थित गवर्नमेंट जूनियर हाई स्कूल के प्रस्तावित स्वर्ण जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। जिला पंचायत सदस्य सावित्री राई के स्वागत संबोधन से शुरू हुई बैठक में स्कूल के प्रधानाध्यापक प्रेम कुमार लिम्बू ने स्वर्ण जयंती समारोह के उद्देश्य, कार्यक्रमों और प्रस्तावित रूपरेखा की जानकारी दी। पंचायत अध्यक्ष दीपक राई ने पूर्व बैठक के दौरान एकत्र की गई प्रारंभिक राशि, आगे की धन संग्रह प्रक्रिया तथा कार्यक्रम के लिए अनुमानित बजट और वित्तीय जरूरतों का विवरण प्रस्तुत किया।

बैठक में विभिन्न समितियों ने खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मैदान की देखरेख और मंच निर्माण से संबंधित अपनी योजनाएं रखीं। मंत्री ने समारोह स्थल का भी निरीक्षण किया और मैदान की स्थिति, रखरखाव तथा मंच की तैयारियों का जायजा लिया।

बैठक में युवा विंग के राज्य स्तरीय संयुक्त सचिव मोन राई, सीएलसी संगठन सचिव ग्यालपो लेप्चा, पंचायत अध्यक्ष दीपक राई, रिम्बी टिम्ब्रोंग जीपीयू अध्यक्ष मंगल राई, पंचायत सदस्य एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics