सोरेंग : आगामी 31 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक स्थानीय मालबासे स्थित डॉन बॉस्को स्कूल परिसर में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय अंतर स्कूल बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026 के लिए सोरेंग-च्याखुंग के विधायक आदित्य गोले ने आज यहां एक समन्वय बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक को संबोधित करते हुए, विधायक आदित्य गोले ने इस कार्यक्रम को सभी की सहभागिता और भव्य स्तर पर आयोजित करने पर जोर देते हुए आयोजन समिति के सभी सदस्यों से प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आपसी तालमेल के साथ काम करने का आग्रह किया। उन्होंने राज्य भर में आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रमों की श्रृंखला का जिक्र करते हुए सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के ऐसे आयोजन के युवा केंद्रित और उनमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के विजन को साझा किया।
इसके साथ ही विधायक ने प्रतियोगिता के साथ-साथ एक जीवंत उत्सव जैसा माहौल बनाने हेतु फूड स्टॉल, ओपन माइक सेशन और अन्य आकर्षक कार्यक्रम शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने सभी संबंधित लोगों से इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
वहीं, सोरेंग डीसी धीरज सुबेदी ने ऐसे कार्यक्रम को जिले और यहां पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला बतायां। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता ‘आपदा के प्रति लचीलापन’ की थीम पर आधारित होगी और इसके दौरान छात्रों की भागीदारी बढ़ाने वाली अतिरिक्त गतिविधियां आयोजित करने का सुझाव दिया।
इस दौरान, सोरेंग एमईओ और डॉन बॉस्को स्कूल एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन शर्मा ने बैठक के उद्देश्यों और प्रतियोगिता की समग्र योजना के बारे में विस्तृत प्रस्तुति दी। इसमें उन्होंने प्रतियोगिता का विवरण, योजना प्रक्रिया, स्थल का निरीक्षण, भागीदारी की रणनीति, टीम गठन और अन्य क्षेत्रों पर प्रकाश डाला।
बैठक के दौरान आयोजन समिति और विभिन्न उप-समितियों का गठन किया गया। इसमें विधायक आदित्य गोले को आयोजन समिति का मुख्य संरक्षक, डीसी धीरज सुबेदी को अध्यक्ष, मालबासे डॉन बॉस्को स्कूल के प्रधानाचार्य फादर फ्लोरेंस डेमटा को उपाध्यक्ष के साथ एमईओ रोशन शर्मा को महासचिव-1 एवं खेल व युवा मामलों की डिप्टी डायरेक्टर ममिता गुरुंग को महासचिव-2 बनाया गया है। साथ ही, सीपीएओ राकेश शर्मा कोषाध्यक्ष और एडीसी डी आर बिष्ट चीफ कोऑर्डिनेटर बनाए गए हैं।
इनके अलावा, उप-समितियों में खेल और युवा मामलों की उप-निदेशक ममिता गुरुंग, एथलेटिक्स एसोसिएशन सोरेंग के अध्यक्ष नवराज शर्मा के साथ अन्य नियुक्तियां भी की गईं हैं। बताया गया है कि इस क्षेत्रीय अंतर-स्कूल बास्केटबॉल प्रतियोगिता से पूरे क्षेत्र के युवा एथलीटों के एक साथ आने की उम्मीद है, साथ ही सोरेंग जिले में खेल भावना, युवाओं की भागीदारी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में सोरेंग एएसपी परशुराम शर्मा, एसडीएम (मुख्यालय) प्रेम सुब्बा, सोरेंग एसडीएम साकचम लेप्चा, अतिरिक्त स्वास्थ्य निदेशक डॉ मेनुका तमांग, संयुक्त मत्स्य पालन निदेशक लोबसांग तमांग के अलावा विभिन्न विभागों के प्रमुख, अधिकारी तथा जिले के विभिन्न एसोसिएशनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
No Comments: