बर्फीली वादियों में खिले गुलाबी फूल, कुपुप-नाथांग का बदला रंग

गंगटोक : पूर्वी सिक्किम की ऊंची पहाडिय़ों में स्थित कुपुप और नाथांग घाटी इन दिनों दुर्लभ हिमालयी फूलों की मौसमी बहार से गुलाबी रंग में रंगी नजर आ रही है। करीब 13,000 से 13,500 फीट की ऊंचाई पर फैले फूलों के इस मनमोहक नजारे को देखने के लिए सिक्किम के साथ ही दूसरे राज्यों से भी पर्यटक, फोटोग्राफर और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।

कुपुप और नाथांग घाटी आमतौर पर बर्फ से ढके पहाड़ों और कड़ाके की ठंड के लिए जानी जाती हैं। लेकिन बर्फबारी के बीच मिलने वाले थोड़े से अनुकूल मौसम में यहां की तस्वीर पूरी तरह बदल जाती है। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पाए जाने वाले विभिन्न प्रकार के हिमालयी फूल खिल उठते हैं और घाटी के कई हिस्से गुलाबी सहित अलग-अलग रंगों की चादर से ढक जाते हैं।

इन दिनों रुक-रुक कर हो रही हल्की बारिश और घाटियों में छाई धुंध फूलों की खूबसूरती को और बढ़ा रही है। प्राकृतिक सौंदर्य के इस अनोखे संगम को कैमरे में कैद करने के लिए बड़ी संख्या में लोग कुपुप और गनाथांग पहुंच रहे हैं।

हालांकि फूलों की यह बहार ज्यादा दिनों तक नहीं रहती। सर्दियों की शुरुआत और बर्फबारी के साथ ही पूरा इलाका एक बार फिर सफेद बर्फ की चादर में ढक जाता है और फूलों का मौसम समाप्त हो जाता है।

मौसम के इस बदलाव ने पर्यटकों को कुपुप और नाथांग घाटी का एक अलग रूप देखने का अवसर दिया है। साथ ही सीमित समय के लिए ही सही, इस मौसमी आकर्षण से क्षेत्र के पर्यटन कारोबार को भी नई रफ्तार मिल रही है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics