‘विकसित सिक्किम 2047’ के विजन के साथ आगे बढ़ रहा है सिक्किम : प्रेम सिंह तमांग

स्वतंत्रता दिवस पर कर्मचारियों को मिला डीए में वृद्धि का तोहफा

गंगटोक : सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता (डीए) और पेंशनरों के लिए महंगाई राहत (डीआर) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी से 30 जून 2026 की अवधि के लिए प्रभावी होगी और इस वर्ष दशहरा से पहले इसका बकाया भुगतान कर दिया जाएगा।

गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि सिक्किम सरकार केंद्र सरकार द्वारा किए गए डीए और डीआर संशोधन का अनुसरण करती रही है। राज्य ने अपने कर्मचारियों और पेंशनरों को केंद्र के अनुरूप महंगाई भत्ता एवं राहत में संशोधन और भुगतान सुनिश्चित किया है।

समारोह की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। परेड में आईटीबीपी, एसएसबी, असम पुलिस, एसएपी, सेकेंड आईआरबीएन, थर्ड आईआरबीएन, सिक्किम पुलिस की पुरुष एवं महिला प्लाटून, वन विभाग, होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस, एनसीसी तथा विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें 7 असम पुलिस बटालियन ने गेस्ट प्लाटून के रूप में भाग लिया। परेड का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष बनिया ने किया, जबकि पुलिस निरीक्षक मनीष गुरुंग ने परेड सेकेंड आईसी की जिम्मेदारी संभाली।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सिक्किम के विकास के लिए ‘विकसित सिक्किम 2047’ के लक्ष्य को दोहराते हुए इसे ‘विकसित भारत 2047’ की राष्ट्रीय परिकल्पना से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में राज्य की वास्तविक जीएसडीपी वृद्धि औसतन 12.6 प्रतिशत से अधिक रही है। राज्य का जीएसडीपी 2018-19 में 28,402 करोड़ रुपये से बढक़र 2026-27 में लगभग 62,973 करोड़ रुपये पहुंच गया है। आने वाले वर्षों में 13 प्रतिशत से अधिक की औसत वार्षिक आर्थिक वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने सिक्किम की सामरिक एवं संवेदनशील सीमा स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा को राज्य सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि सिक्किम पुलिस में कांस्टेबल और वन एवं पर्यावरण विभाग में वनरक्षकों की भर्ती में पूर्व अग्निवीरों के लिए 20-20 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है।

सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सीमा को देश का अंतिम हिस्सा नहीं, बल्कि वह स्थान माना जाना चाहिए जहां से भारत शुरू होता है। वाइब्रेंट विलेजे कार्यक्रम के तहत सिक्किम के 46 सीमावर्ती गांवों में बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत सीमा के लिए बेहतर सड़क, स्कूल, स्वास्थ्य सेवा, संचार, रोजगार और आत्मविश्वास से भरे नागरिक जरूरी हैं।

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए सावित्री देवी, जिन्हें हेलेन लेप्चा के नाम से भी जाना जाता है, और त्रिलोचन पोखरेल, जिन्हें ‘बांदे पोखरेल’ या ‘गांधी पोखरेल’ के नाम से याद किया जाता है, के योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि राज्य ने उनकी विरासत को सम्मान देते हुए मेडिकल कॉलेज का नाम हेलेन लेप्चा और पाकिम हवाई अड्डे का नाम त्रिलोचन पोखरेल के नाम पर रखा है। उन्होंने सिक्किम पुलिस को राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किए गए प्रतिष्ठित ‘प्रेसीडेंट्स कॉलर्स’ का भी उल्लेख किया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह में मुख्यमंत्री ने एसटीएनएम अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि हेलेन लेप्चा सिक्किम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज को 2026-27 से हर वर्ष 100 एमबीबीएस विद्यार्थियों को प्रवेश देने की अनुमति मिल गई है। उन्होंने कैंसर उपचार, डायलिसिस और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया।

अपने भाषण में, मुख्यमंत्री ने सिक्किम को मई 2026 में पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किए जाने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इसके साथ ही सरकारी स्कूलों में किंडरगार्टन प्रणाली, मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल, विशेष न्यूमेरसी कार्यक्रम और मुख्यमंत्री मेंटरशिप कार्यक्रम के क्रियान्वयन का उल्लेख किया। युवाओं के लिए सिक्किम इंस्पायर्स, कुशल युवा स्टार्टअप स्कीम, मुख्यमंत्री युवा उद्यमशीलता योजना, सिक्किम राइज और नियुक्ति केंद्र जैसी योजनाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने वाली पहलों के रूप में रेखांकित किया गया।

वहीं, कृषि क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने समय पर केसीसी फसल ऋण चुकाने वाले पात्र किसानों को प्रभावी रूप से 1 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ब्याज का हिस्सा सरकार वहन करेगी। बड़े इलायची उत्पादन को फिर से बढ़ावा देने के लिए ‘मेरो अलैची, मेरो धन’ पहल का भी उल्लेख किया गया।

महिलाओं के लिए आमा सशक्तिकरण योजना, आमा सहयोग योजना, बहिनी योजना और मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 2027 से आमा सशक्तिकरण योजना का विस्तार कर 50,000 माताओं को इसके दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2026 के शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में 64 में से 35 सीटों पर महिला पार्षद निर्वाचित हुईं। वहीं गंगटोक नगर निगम को पहली महिला मेयर और डिप्टी मेयर मिलीं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सिक्किम का वन क्षेत्र 2021 में 47.08 प्रतिशत से बढक़र 2023 में लगभग 47.33 प्रतिशत हो गया है। ‘मेरा रुख मेरो संतति’ और ‘मेरो बाटो, मेरो बोट’ जैसी पहलों का भी उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि क्यांग-नोस-ला क्षेत्र में 3,966 मीटर की ऊंचाई पर बाघ की मौजूदगी दर्ज की गई है। वहीं खेचेओपालरी वेटलैंड को सिक्किम का पहला रामसर स्थल घोषित किया गया है। उन्होंने पर्यटन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में रोपवे, स्काईवॉक, एडवेंचर टूरिज्म परियोजनाओं और आयुर्वेद के समग्र केंद्र सहित विभिन्न योजनाओं को आगे बढ़ाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने स्वर्ण जयंती इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स एंड कल्चरल विलेज विकसित करने की योजना की भी घोषणा की। इसमें फीफा मानकों का फुटबॉल स्टेडियम, एथलेटिक्स एवं फील्ड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, इंडोर स्टेडियम, हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर और स्पोर्ट्स मेडिसिन सुविधाएं शामिल होंगी। इसके साथ ही आधुनिक स्वर्ण जयंती कन्वेंशन सेंटर की योजना भी सामने रखी गई। नई दिल्ली स्थित मौजूदा न्यू सिक्किम हाउस को भी आधुनिक स्वरूप देने की योजना है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय नर बहादुर भंडारी के कार्यकाल में बने 26 कमरों वाले इस भवन को 100 से अधिक कमरों वाली आधुनिक सुविधा में विकसित किया जाएगा।

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों ने कई महत्वपूर्ण प्रकाशन, दिशानिर्देश, उत्पाद और रिपोर्ट जारी किए। शिक्षा विभाग ने ‘रिइंटेग्रेशन ऑफ आउट ऑफ स्कूल चिल्ड्रन इन सिक्किम’ जारी किया। सामाजिक कल्याण विभाग ने सिक्किम की पांच जनजातीय भाषाओं में अनूदित पांच पुस्तकों का विमोचन किया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने ‘सिक्किम टूडे’ का नया संस्करण जारी किया। वहीं तेमी टी एस्टेट के तीन नए उत्पाद-मिल्क टी, गुरास टी और व्हाइट टी-भी लॉन्च किए गए। इसके अलावा डीईएसएमएंडई ने ‘होटल एवं होमस्टे का सर्वे’ और ‘इंडस्ट्री सर्वे’ नामक दो रिपोर्ट जारी कीं।

समारोह के अंत में परेड प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए। डिवीजन ए में सेकेंड आईआरबीएन को ऑलराउंड बेस्ट प्लाटून चुना गया, जबकि डिवीजन बी में होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस ने यह सम्मान हासिल किया। वहीं ताशी नामग्याल सीनियर सेकेंडरी स्कूल को बेस्ट स्कूल कंटिन्जेंट घोषित किया गया। कार्यक्रम में सिक्किम पुलिस बैंड, संस्कृति विभाग के कलाकारों और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल, असम लिंग्जे के बैंड प्रदर्शन के बाद भारतीय सेना के बैंड ने भी प्रस्तुति दी। अंत में संस्कृति विभाग के कलाकारों के नेतृत्व में राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन के साथ समारोह का समापन हुआ।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics