एसटीएनएम अस्पताल में शुरू हुई किडनी ट्रांसप्लांट सेवा

राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर किया उद्घाटन

गंगटोक : सिक्किम के स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए राजधानी गंगटोक स्थित एसटीएनएम अस्पताल में नवनिर्मित ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन सेंटर और पोस्ट-ट्रांसप्लांट आईसीयू का शनिवार को उद्घाटन किया गया। राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जीटी ढुंगेल की उपस्थिति में इन अत्याधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण किया।

लेवल-7 ओटी कॉम्प्लेक्स के प्रवेश द्वार पर आयोजित कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों ने स्मृति पट्टिका का अनावरण कर इन सुविधाओं को औपचारिक रूप से सिक्किम की जनता को समर्पित किया। उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सिक्किम में पहली बार किडनी ट्रांसप्लांट शुरू होने को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पहली बार राज्य के भीतर दो सिक्किम निवासी मरीजों का किडनी प्रत्यारोपण किया जा रहा है और उन्हें दोनों प्रक्रियाओं की सफलता का पूरा भरोसा है।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चिकित्सकों, नर्सों, तकनीशियनों तथा इस महत्वपूर्ण पहल को सफल बनाने में जुटे सभी स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के बाद से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में डायलिसिस केंद्रों की स्थापना तथा कैंसर के लिए विशेषज्ञ उपचार सुविधाओं की शुरुआत से गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता काफी कम हुई है।

तमांग ने लोगों से सिक्किम के डॉक्टरों और स्वास्थ्य संस्थानों पर अधिक विश्वास रखने की अपील करते हुए कहा कि राज्य में अब विभिन्न क्षेत्रों में योग्य सुपर-स्पेशलिस्ट चिकित्सकों के साथ आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पात्र बीपीएल परिवारों तथा सिक्किम सब्जेक्ट सर्टिफिकेट/डोमिसाइल धारकों को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए व्यापक सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें उपचार, सर्जरी और आवश्यक जांच शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना के तहत ऑपरेशन के बाद छह महीने तक आवश्यक दवाइयों और सर्जिकल किट की सहायता भी प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान पहले किडनी ट्रांसप्लांट मरीजों के परिजनों को मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना के तहत पोस्ट-ऑपरेटिव केयर पैकेज भी सौंपे गए। इसके बाद एसटीएनएम अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट सेंटर की स्थापना की पूरी यात्रा पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। सिक्किम में यह ऐतिहासिक चिकित्सा प्रक्रिया कोलकाता स्थित आरएन टैगोर अस्पताल की विशेषज्ञ ट्रांसप्लांट टीम ने एसटीएनएम अस्पताल के नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ अभिषेक गौतम और अस्पताल की मेडिकल एवं सपोर्ट टीम के साथ समन्वय में संपन्न की। ट्रांसप्लांट टीम का नेतृत्व डॉ टीए जहांगीर ने किया।

पहले प्रत्यारोपण में ताशीडिंग निवासी नेचिंग लेप्चा का किडनी ट्रांसप्लांट किया गया, जिसमें उनकी पत्नी पेम डिकी लेप्चा ने किडनी दान की। दूसरे मामले में भुसुक निवासी शोभा छेत्री को दल बहादुर छेत्री द्वारा दान की गई किडनी प्रत्यारोपित की गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा संस्कृति विभाग के सलाहकार सह विधायक थिनले छिरिंग भूटिया, सलाहकार सह विधायक कला राई, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अध्यक्ष फुरबा रिनजिंग शेरपा, विभागीय सचिव छेवांग ग्याछो सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अस्पताल प्रशासन, विशेषज्ञ चिकित्सक, ट्रांसप्लांट एवं ऑपरेशन टीम के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन सेंटर और पोस्ट-ट्रांसप्लांट आईसीयू का उद्घाटन सिक्किम में अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे राज्य के मरीजों को जटिल उपचार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी और सिक्किम में ही उन्नत अंग प्रत्यारोपण सेवाओं तक उनकी पहुंच मजबूत होगी।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics