गंगटोक : सिक्किम में मतदाता सूची के वर्ष 2026 के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) राज कुमार यादव, आईएएस ने शुक्रवार को पुनरीक्षण की प्रगति, सुनवाई, दावे एवं आपत्तियों तथा अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की समय-सारिणी की जानकारी दी।
सीईओ के अनुसार एसआईआर प्रक्रिया के तहत करीब 4,72,000 मतदाताओं को कवर किया गया है। बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित और एकत्र किए। इनमें से 37,724 फॉर्म अब तक एकत्र नहीं हो सके हैं।
अब तक 1,20,424 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं, जबकि शेष नोटिस वितरित करने की प्रक्रिया जारी है। एसआईआर के तहत अब तक 1,15,748 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। इनमें 12,929 मतदाता अंतिम सूची में शामिल किए जाने के लिए पात्र नहीं पाए गए, जबकि 55,669 पात्र पाए गए हैं। वहीं 17,177 मामले दस्तावेज सत्यापन के स्तर पर हैं।
सीईओ ने बताया कि 14-तेमी-नामफिंग, 25-अपर तादोंग, 27-गंगटोक और 29-काबी लुंगचोक विधानसभा क्षेत्रों में 100 प्रतिशत सुनवाई पूरी हो चुकी है। शेष विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई जारी है। संबंधित ईआरओ और एआरओ को लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। जिन मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म एकत्र नहीं हो सके हैं, उनकी ओर से अब तक 1,460 फॉर्म-6 दावे प्राप्त हुए हैं। इन दावों की निर्धारित दस्तावेजों और पात्रता मानदंड के आधार पर जांच की जा रही है।
जिला स्तर पर अब तक 57 प्रथम अपीलें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 55 फिलहाल लंबित हैं। सीईओ ने मतदाताओं और हितधारकों से अपील की कि मतदाता सूची से संबंधित किसी शिकायत की स्थिति में निर्धारित अपील प्रक्रिया का इस्तेमाल करते हुए तय समय सीमा में आवेदन करें। उन्होंने बताया कि एसआईआर के तहत होने वाली सुनवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी भी की जा रही है, ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और उचित रिकॉर्ड व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
राज कुमार यादव ने बताया कि शेष सुनवाई 16-17 अगस्त तक पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद दोबारा सुनवाई, फॉर्म-6 आवेदनों की जांच, फॉर्म-7 की प्रक्रिया और लंबित अपीलों के निस्तारण का काम 2 सितंबर तक किया जाएगा। अंतिम प्रकाशन की तैयारियां 3 से 5 सितंबर के बीच पूरी होंगी और 6 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 7 सितंबर को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक और अंतिम मतदाता आंकड़े साझा करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी।
सीईओ ने स्पष्ट किया कि अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में निरंतर संशोधन जारी रहेगा। पात्र नागरिक नाम जोड़ने, हटाने या विवरण में सुधार के लिए संबंधित फॉर्म जमा कर सकेंगे। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया में लगे बीएलओ, एईआरओ, ईआरओ और अन्य अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों की पहचान कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ बीएलओ, एईआरओ और ईआरओ को 25 जनवरी 2027 को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सम्मानित करने का प्रस्ताव है।
No Comments: