गेजिंग में नाबार्ड की नई पहल, डीडीएम कार्यालय से बढ़ेगा ग्रामीण विकास का समन्वय

गेजिंग : राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सिक्किम क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा गुरुवार को 9 माइल क्षेत्र में जिला विकास प्रबंधक (डीडीएम) कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इसके खुलने से जिले में कृषि सहायता सेवाओं, वित्तीय समावेशन और ग्रामीण विकास कार्यक्रमों को और प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

कार्यालय का उद्घाटन गेजिंग जिला कलेक्टर तेनजिंग डी. डेन्जोंग्पा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर नाबार्ड क्षेत्रीय कार्यालय, सिक्किम के महाप्रबंधक एवं कार्यालय प्रभारी मनोहर लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीसी डेन्जोंग्पा ने गेजिंग जिले में समर्पित कार्यालय स्थापित करने के लिए नाबार्ड की सराहना की। उन्होंने कहा कि नए कार्यालय से नाबार्ड और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। उन्होंने नवनियुक्त जिला विकास प्रबंधक को जिले के अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, जिला पंचायत और ग्राम पंचायतों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही प्रत्येक तीन महीने में योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपने पर जोर दिया, ताकि समय-समय पर समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जा सकें।

जिला कलेक्‍टर ने कहा कि ग्रामीण समुदायों के कल्याण के लिए काम कर रहे सरकारी विभागों, वित्तीय संस्थानों और विकास एजेंसियों के बीच सहयोग बढ़ाने में शिक्षा, अनुभव और व्यावहारिक जानकारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। नाबार्ड क्षेत्रीय कार्यालय के महाप्रबंधक मनोहर लाल ने कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों के विकास में नाबार्ड की भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नाबार्ड ग्रामीण बुनियादी ढांचे, वित्तीय समावेशन, स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों और अन्य विकास पहलों को सहयोग प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि गेजिंग में स्थापित डीडीएम कार्यालय स्थानीय स्तर की विकास आवश्यकताओं की पहचान करने और नाबार्ड से सहायता प्राप्त योजनाओं को समय पर लागू करने में सहायक होगा।

वहीं, पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवा विभाग के अतिरिक्त निदेशक बीबी सुब्बा, सहकारिता विभाग की संयुक्त रजिस्ट्रार लाडेन गेंसापा और कृषि विज्ञान केंद्र ग्याबा के वरिष्ठ वैज्ञानिक भीसन प्रधान ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। वक्ताओं ने ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने और जिले में संतुलित विकास को बढ़ावा देने के लिए डीडीएम कार्यालय तथा संबंधित विभागों के बीच निकट सहयोग की आवश्यकता बताई।

नाबार्ड के सहायक महाप्रबंधक रुपेन लामिछाने ने कहा कि डीडीएम कार्यालय की स्थापना जिला स्तर के हितधारकों के साथ मिलकर काम करने की नाबार्ड की निरंतर पहल का हिस्सा है। इससे जिला प्रशासन, वित्तीय संस्थानों और योजनाओं को लागू करने वाली एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा।

इससे पहले नाबार्ड क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक महाप्रबंधक मेवांग लोवांग ने अपने स्वागत भाषण में नया कार्यालय सभी संबंधित पक्षों को एक साझा मंच पर लाने और ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद करेगा।

कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी राजेन तमांग, नाबार्ड के गेजिंग जिला विकास प्रबंधक पुखरामबाम बोइचा मेइतेई, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी, लीड बैंक के प्रतिनिधि और जिले में कार्यरत किसान उत्पादक संगठनों के सदस्य उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics