सिक्किम आमा सशक्तिकरण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी तेज

सोरेंग : सोरेंग-च्‍याखुंग के विधायक आदित्य गोले के मार्गदर्शन में सिक्किम आमा सशक्तिकरण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को स्थानीय रूर्बन कॉम्प्लेक्स में कृषि एवं बागवानी अध्यक्ष सीके राणा की अध्यक्षता में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सीके राणा ने योजना की शुरुआत के लिए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना राज्य की माताओं, विशेषकर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे पात्र माताओं को वित्तीय और सामाजिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।

राणा ने ‘बहिनी योजना’ सहित राज्य सरकार की विभिन्न महिला केंद्रित योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गंगटोक में पिंक सिटी रनर बस सेवा शुरू की गई है। सरकार महिलाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी सुविधाओं तक बेहतर पहुंच दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने संबंधित विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि वास्तविक लाभार्थियों की सही पहचान की जाए और प्रत्येक पात्र माता तक योजना का लाभ बिना किसी देरी के पहुंचाया जाए।

वहीं, एडीसी विकास ओंगदी शेरपा ने वार्ड पंचायतों से पात्र लाभार्थियों का गहन सत्यापन करने का आह्वान किया। उन्होंने योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों और सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए पारदर्शिता और सटीकता बेहद जरूरी है। उन्होंने पात्र महिलाओं को योजना और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी मिलने के लिए पंचायत सदस्यों से अपने-अपने वार्डों में जागरुकता अभियान चलाने को कहा।

बैठक में, सोरेंग की बाल विकास परियोजना अधिकारी गौरी तमांग ने योजना पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य उन माताओं को वित्तीय और सामाजिक सहायता देना है, जो अब तक सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले सकी हैं। उन्होंने पात्रता मानदंड, जरूरी दस्तावेज और पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उनके साथ, वरिष्ठ कल्याण अधिकारी प्रतिभा तमांग ने नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध प्री-मैट्रिक तथा पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी।

बैठक में जिला पंचायत एवं ग्राम पंचायत सदस्य, सोरेंग नगर पंचायत सदस्य, विधायक के ओएसडी राजेन बस्नेत, सोरेंग बीडीओ पारो हांग सुब्बा, चुंबुंग बीडीओ टीका राम राई एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics