रामपुर । मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को ध्वस्त करने के आदेश के विरोध में चल रहे आंदोलन को समाजवादी पार्टी का खुला समर्थन मिला। बृहस्पतिवार को नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में सपा का प्रतिनिधिमंडल दोपहर में यूनिवर्सिटी पहुंचा। उन्होंने गेट पर धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं का समर्थन किया।
इस बीचबड़ी संख्या में मौजूद सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। भारी पुलिस बल के बीच पूरे परिसर और मुख्य गेट पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। यूनिवर्सिटी पहुंचने के बाद नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और यूनिवर्सिटी प्रबंधन के प्रतिनिधियों के साथ बंद कमरे में बैठक की।
बैठक में ध्वस्तीकरण के आदेश, छात्रों के आंदोलन और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों से भी मुलाकात कर उनका पक्ष सुना। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी शिक्षा का केंद्र है। इसे गिराने के लिए दिया गया आदेश पूरी तरह गलत है।
समाजवादी पार्टी इस कार्रवाई के खिलाफ है और छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के भविष्य को प्रभावित करने वाले फैसले सोच-समझकर लिए जाने चाहिए। पार्टी इस मुद्दे को लोकतांत्रिक तरीके से उठाएगी और प्रशासन से ध्वस्तीकरण आदेश पर पुनर्विचार की मांग करेगी।
सुबह से ही जौहर यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर छात्रों और सपा कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया था। संभल, अमरोहा, मुरादाबाद और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता रामपुर पहुंचे। बरेली-मुरादाबाद रोड स्थित टोल प्लाजा पर एकत्र होने के बाद सभी काफिले के रूप में यूनिवर्सिटी पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल के आगमन के दौरान परिसर के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
कार्यक्रम को देखते हुए यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई और पूरे घटनाक्रम की निगरानी की जाती रही।
सपा कार्यकर्ताओं ने आजम खां की रिहाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने जौहर यूनिवर्सिटी पर की जा रही कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने भी ध्वस्तीकरण आदेश वापस लेने की मांग दोहराते हुए कहा कि इससे हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होगा।
बैठक के दौरान सपा विधायक नवाब इकबाल महमूद ने कहा कि जब तक जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने का आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक समाजवादी पार्टी विधानसभा की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चलने देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को सदन से लेकर सड़क तक उठाएगी।
इससे पहले रामपुर पहुंचने पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और अन्य विधायक सर्किट हाउस पहुंचे थे। वहां उन्होंने बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सर्किट हाउस में बिजली नहीं थी, एसी बंद पड़े थे और केवल इनवर्टर के सहारे कुछ पंखे और लाइटें ही चल रही थीं।
प्रतिनिधिमंडल का जिलाधिकारी से मुलाकात कर ध्वस्तीकरण आदेश के विरोध में ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम भी तय है। समाजवादी पार्टी ने प्रशासन से आदेश पर पुनर्विचार करने और यूनिवर्सिटी को राहत देने की मांग की है। वहीं प्रशासन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
No Comments: