गंगटोक : सिक्किम सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा राज्य के स्थानीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने उत्पादों के विपणन और बिक्री से जोड़ने के उद्देश्य से एक माह का लाइव ऑनबोर्डिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत उद्यमियों को ओएनडीसी, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस, अमेजन, फ्लिपकार्ट और मीशो जैसे प्रमुख ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जोड़ा जा रहा है।
अभियान की शुरुआत 2 से 17 जुलाई तक गंगटोक में की गई, जिसके दौरान गंगटोक, मंगन और पाकयोंग जिलों के 90 से अधिक एमएसएमई उद्यमियों का सफलतापूर्वक ऑनबोर्डिंग किया गया। वर्तमान में यह कार्यक्रम 20 से 23 जुलाई तक नामची और सोरेंग में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें नामची, सोरेंग और गेजिंग जिलों के उद्यमी भाग ले रहे हैं। यह ऑनबोर्डिंग अभियान जुलाई 2026 के अंत तक जारी रहेगा। यह पहल भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के रेजिंग एंड एक्सेलेरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस कार्यक्रम के अंतर्गत लागू की जा रही है।
इसके तहत उद्यमियों को व्यवसाय पंजीकरण, डिजिटल उत्पाद कैटलॉग तैयार करने, उत्पाद सूचीकरण, मूल्य निर्धारण, इन्वेंट्री प्रबंधन, डिजिटल भुगतान, लॉजिस्टिक्स एकीकरण तथा ऑर्डर प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस कार्यक्रम से निर्माता, शिल्पकार, हथकरघा एवं हस्तशिल्प उत्पादक, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां, एफपीओ, एसएचजी तथा अन्य एमएसएमई इकाइयों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे उन्हें देशभर के ग्राहकों तक अपनी पहुंच बढ़ाने, उत्पादों की बेहतर पहचान बनाने और नए बाजारों के अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
राज्य सरकार की वन फैमिली, वन एंटरप्रेन्योर की परिकल्पना के अनुरूप वाणिज्य एवं उद्योग विभाग स्थानीय एमएसएमई इकाइयों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया मार्केटिंग, सिक्किम उत्सव तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनियों और व्यापार मेलों के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। विभाग ने सभी पात्र एमएसएमई इकाइयों से अपील की है कि वे इस ऑनबोर्डिंग अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और डिजिटल वाणिज्य के माध्यम से अपने व्यवसाय का विस्तार करते हुए सिक्किम के विशिष्ट उत्पादों को देशभर के ग्राहकों तक पहुंचाने के इस अवसर का लाभ उठाएं।
No Comments: