पाकिम : नाथांग-माचोंग विधानसभा क्षेत्र की विधायक सह महिला, बाल, वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग की सलाहकार पामिन लेप्चा ने मंगलवार को लोसिंग और बरापाथिंग के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने हालिया भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक राहत एवं मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ नाथांग-माचोंग विधायक के ओएसडी एमबी गुरुंग, पाकिम के एसडीएम एनके भंडारी, डीपीओ टीआर छेत्री, बीडीओ केवल शर्मा, आरओ किरण छेत्री, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। लोसिंग में निरीक्षण के दौरान विधायक ने हालिया भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़क का जायजा लिया, जिससे क्षेत्र की आवाजाही प्रभावित हुई है। उन्होंने स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को अस्थायी व्यवस्था के रूप में पॉली पाइप उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
विधायक ने क्षेत्र में उत्पन्न समस्याओं के स्थायी समाधान के संबंध में भी जानकारी ली और आश्वासन दिया कि प्रभावित लोगों की परेशानियों को जल्द दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके बाद निरीक्षण दल बरापाथिंग पहुंचा, जहां भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़क तथा प्रभावित आवासीय भवनों की स्थिति का आकलन किया गया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि तात्कालिक राहत एवं सुरक्षा उपाय के तहत प्रभावित सड़क खंड के किनारे नालंदा इंजीकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा एक सुरक्षात्मक रिटेनिंग वॉल का निर्माण कराया जाएगा। इससे आगे होने वाले नुकसान को रोकने तथा क्षेत्र में जोखिम कम करने में मदद मिलेगी। विधायक पामिन लेप्चा ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
No Comments: