पोलारिस एडवेंचर अभियान का हुआ सफल आयोजन

गेजिंग : सिक्किम में साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए स्माइल पांडा टूर्स एंड ट्रेक्स ने पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग, सिक्किम सरकार के सहयोग से राज्य के पहले पोलारिस एडवेंचर अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया।

यह अभियान 8 से 13 जून तक संचालित हुआ। इस ऐतिहासिक अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने 754 किलोमीटर लंबे साहसिक मार्ग की यात्रा की, जिसमें सिक्किम के कई दुर्गम एवं प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थलों को शामिल किया गया। अभियान का मार्ग पदमचेन, जुलुक, नाथांग वैली, कुपुप, छांगू झील, काबी, लाचुंग, युमेसामदोंग, जीरो प्वाइंट, संगलाफू चो, लुम गांव, जंगू तथा गंगटोक जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों से होकर गुजरा। अभियान के दौरान दल ने जंगू क्षेत्र के लुम गांव का भी दौरा किया।

इस दौरान छिरिंग लेप्चा और स्थानीय ग्रामीणों ने टीम का स्वागत किया। प्रतिभागियों ने गांव की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पारंपरिक जीवनशैली को करीब से देखा। इस यात्रा ने सामुदायिक आधारित पर्यटन और सतत ग्रामीण पर्यटन की अपार संभावनाओं को भी उजागर किया। अभियान दल ने राज्य में साहसिक पर्यटन और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के दूरदर्शी नेतृत्व और निरंतर सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री छिरिंग टी भूटिया तथा विभाग के सलाहकार सुदेश कुमार सुब्बा के सहयोग की भी सराहना की।

इस अभियान में एंटरप्रेन्योर्स ऑर्गेनाइजेशन के सदस्यों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने रोमांचक ऑफ-रोड यात्रा का अनुभव लेने के साथ-साथ सिक्किम की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय आतिथ्य, जैविक खेती, पारंपरिक व्यंजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और समुदाय आधारित पर्यटन पहलों को भी नजदीक से जाना। अभियान को रंगपो से पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की उपनिदेशक सुश्मा प्रधान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सिक्किम पुलिस और पर्यटन विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।

अभियान का नेतृत्व पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के डेंटम टीआईसी के वरिष्ठ आईए पूजन गुरुंग और पर्यटन अधिकारी निखिल गुरूंग ने किया। उनके साथ स्माइल पांडा टूर्स एंड ट्रेक्स के प्रतिनिधि चयन कुमार दत्ता, प्रसिद्ध कृषि उद्यमी एवं सिक्किम के ‘मिलेट मैन’ छिरिंग लेप्चा तथा लुम गांव के ग्राम पंचायत प्रतिनिधि भी शामिल थे। टीम ने प्रतिभागियों को सतत कृषि, स्थानीय आजीविका और सामुदायिक विकास मॉडल की जानकारी दी।

अभियान की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि सिक्किम उच्च गुणवत्ता वाले, जिम्मेदार और सतत साहसिक पर्यटन के लिए तेजी से उभरता हुआ गंतव्य बन रहा है। साथ ही यह भी स्पष्ट हुआ कि ऑल-टेरेन व्हीकल (एटीवी) आधारित अभियान राज्य के विविध प्राकृतिक परिदृश्यों, सांस्कृतिक विरासत और अनूठे पर्यटन अनुभवों को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। यह पहल हिमालयी क्षेत्र में सतत पर्यटन विकास के मॉडल के रूप में सिक्किम की पहचान को और मजबूत करने के साथ-साथ उसे भारत के अग्रणी साहसिक पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics