गंगटोक जिले में एसआईआर-2026 के तहत 99.68 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरित

गंगटोक : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत गंगटोक जिले में मतदाता सत्यापन प्रक्रिया तेज गति से आगे बढ़ रही है। जिला प्रशासन द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 99.68 प्रतिशत गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) वितरित किए जा चुके हैं।

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार जिले के कुल 1,22,240 मतदाताओं में से 1,21,844 लोगों तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं। यह उपलब्धि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचन अधिकारियों और बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों का परिणाम है।

रिपोर्ट के अनुसार 16-तुमिन-लिंगी विधानसभा क्षेत्र में 16,682, 17-खामदोंग-सिंगताम में 14,508, 23-श्यारी में 16,292, 24-मार्तम-रुम्‍तेक में 17,751, 25-अपर तादोंग में 12,307, 26-आरिथांग में 12,195, 27-गंगटोक में 11,967, 28-अपर बर्तुक में 15,981 तथा 32-संघ विधानसभा क्षेत्र में 4,161 गणना प्रपत्र वितरित किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने बताया कि कुल 1,22,240 गणना प्रपत्रों की छपाई का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है और सभी प्रपत्र वितरण के लिए उपलब्ध करा दिए गए हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण कार्य 28 जून 2026 तक जारी रहेगा। निर्धारित समयसीमा में अब एक सप्ताह से भी कम समय शेष रहने के कारण जिला निर्वाचन कार्यालय ने उन सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है जिन्होंने अभी तक अपने प्रपत्र जमा नहीं किए हैं, वे शीघ्र ही बीएलओ के साथ सहयोग कर प्रक्रिया पूरी करें।

अधिकारियों ने कहा कि इस विशेष पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और समावेशी बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में सुनिश्चित किया जा सके।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics