भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई की नई राजनीतिक पारी की तैयारी

चेन्नई । भाजपा की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने कहा है कि उनका हाल ही में शुरू किया गया ‘वी द लीडर्स’ आंदोलन सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और जुलाई तक इसे एक राजनीतिक दल के रूप में परिवर्तित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि संगठन का लक्ष्य 50 लाख सदस्य जोड़ने का है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आयोजित एक वीडियो संवाद में अन्नामलाई ने कहा कि अब तक करीब 18 लाख लोग बिना किसी व्यक्तिगत लाभ या अपेक्षा के इस आंदोलन से जुड़ चुके हैं। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान केवल ऑनलाइन ही नहीं, बल्कि लोगों से सीधे मिलकर भी चलाया जा रहा है।

अन्नामलाई ने कहा कि लोग इस विश्वास के साथ संगठन से जुड़ रहे हैं कि यह तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकता है। उन्होंने कहा कि जुलाई से जब यह आंदोलन एक राजनीतिक संगठन के रूप में काम शुरू करेगा तो इसकी गतिविधियों का स्वरूप अलग होगा और जनता को इसका असर देखने को मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि उनका आंदोलन न तो असफल होगा, न झूठ बोलेगा और न ही लोगों को गलत दिशा में ले जाएगा। धर्म के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उनके संगठन के लिए सभी धर्म समान हैं और इस विषय पर कोई दो राय नहीं है।

अन्नामलाई ने कहा कि आने वाले महीनों में सदस्यता अभियान लगातार जारी रहेगा। उनका उद्देश्य संगठन को एक जन आंदोलन में बदलना है, जो राज्य के विभिन्न मुद्दों को जनता के सामने मजबूती से उठाए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं में बढ़ती नशे की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि उनका संगठन इसे जमीनी स्तर पर बड़े जन आंदोलन के रूप में उठाएगा। इसके अलावा शिक्षा, रोजगार और शासन से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बनने के बाद राजनीति में ‘टर्म लिमिट’ यानी कार्यकाल की सीमा लागू करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। उनका मानना है कि राजनीति में समय-समय पर नए लोगों को अवसर मिलना चाहिए और नेतृत्व में बदलाव होता रहना चाहिए। अन्नामलाई ने कहा कि उनका लक्ष्य एक ऐसी राजनीतिक व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें नए चेहरे, पेशेवर लोग और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि सक्रिय भूमिका निभा सकें।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics